फिरोजाबाद

फिरोजाबाद वासियों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, जानिए क्या है वजह!

नगर निगम बनने के बाद भी फिरोजाबाद के लोगों की तमाम समस्याओं का निदान नहीं हुआ। इसको लेकर उन्होंने प्रदर्शन कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

2 min read
protest

फिरोजाबाद। जिले में नगर निगम बनने के बाद भी शहरवासियों को किसी तरह की राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। विकास कार्य न होने से नाराज लोग धरने पर बैठ गए। लोगों ने चार साल से क्षेत्र का विकास न होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

नई आबादी का है बुरा हाल
रामगढ क्षेत्र की नई आबादी के वाशिंदों ने क्षेत्र में सफाई न होने, जलनिकासी के इंतजाम न होने और सड़कें खराब पड़ी होने को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। क्षेत्रवासियों के साथ ही दुकानदार भी धरने पर बैठ गए। लोगों ने नगर निगम प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। वहीं शहर में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि जलभराव रहने के कारण यहां से पैदल निकलना भी दुश्वार हो जाता है। बच्चे आए दिन कीचड़ में गिरकर घायल होते रहते हैं।

समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
नगर निगम बनने के बाद भी नई आबादी के क्षेत्रों के हालात नहीं सुधर पा रहे हैं। क्षेत्र की जनता नगर निगम में सड़क निर्माण की मांग को लेकर अफसरों से गुहार लगा रही है, लेकिन आजतक उनकी सुनवाई नहीं हुई। रामगढ़ रोड भी पिछले साल से पूरी तरह खस्ता हाल पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे व जलभराव की स्थिति बनी हुई, जिससे पैदल राहगीरों का गुजरना भी मुश्किल हो गया है। इससे क्षेत्र की जनता के साथ दुकानदार, ग्राहक, वाहन चालक सभी परेशान हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर इमरान मंसूरी की अध्यक्षता में क्षेत्र की जनता व दुकानदार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने पर शान मोहम्मद, मुस्ताक अहमद, आसिफ खान, मो. इस्लाम, अशफाक अली, मो. युसूफ, शमसुल, मो. कदीर, फिरोज, इरफान आदि शामिल रहे।

Published on:
02 May 2018 11:52 am
Also Read
View All