फिरोजाबाद

पूरे मोहल्ले में फैला करंट, फिर लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए सड़क पर, देखें वीडियो

थाना उत्तर के टापा खुर्द का है मामला, मकानों के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन से घरों में दौड़ा करंट

2 min read
current

फिरोजाबाद। विद्युत विभाग की लापरवाही अब जानलेवा साबित होती जा रही है। कहीं जर्जर तार टूटने की वजह से किसी की मौत हो जाती है तो कहीं करंट आने से लोग झुलस जाते हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते लोगों में रोष है। ऐसा ही एक मामला थाना उत्तर क्षेत्र के टापा खुर्द का है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते पूरे मोहल्ले में करंट फैल गया। करंट लगने से आधा दर्जन से अधिक महिला, पुरुष झुलस गए। घायलों को ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

टूट गई थी 11 हजार की लाइन

थाना उत्तर के टापा खुर्द में मकानों के ऊपर से होकर 11 हजार वोल्टेज की लाइन जा रही है। लोगों का कहना है कि तार टूटने से अचानक पूरे मोहल्ले में करंट दौड गया। करंट फैलने से घरों के अंदर बैठे लोगों को करंट लग गया। विद्युत उपकरण फुंक गए। तेज आवाज के साथ ही धमाका सा हुआ। इस दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने फीडर पर जाकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इस दौरान नीतू पुत्री अनिल कुमार, रीता पत्नी अनिल कुमार, निर्मला देवी, मोहित कुमार, राहुल, टीटू समेत बच्चे भी करंट लगने से झुलस गए।

लोगों ने लगाया जाम

विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। महिलाएं और पुरुष हाथों में लाठी, डंडे लेकर सड़क पर आ गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि विद्युत अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। आए दिन तार टूटकर गिरते रहते हैं। इन जर्जर तारों को नहीं बदलवाया जा रहा है। करंट से कुछ गर्भवती महिलाएं भी झुलस गई।

पहले भी हुए हैं हादसे

विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते पहले भी हादसे होते रहे हैं। नगला सिंघी क्षेत्र में नीचे लटक रहे तार से एक व्यक्ति का सिर टकराने से उसकी मौत हो गई थी। दो दिन पहले टूंडला में एक मकान के ऊपर से जा रही हाईटेंशन की लाइन से पूरे घर में करंट आ गया था। इससे उसका घरेलू सामान जलकर राख हो गया था।

ये भी पढ़ें

फिरोजाबाद वासियों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, जानिए क्या है वजह!
Published on:
17 May 2018 08:41 pm
Also Read
View All