फिरोजाबाद

1100 पेटी अवैध शराब बरामद, चुनाव में खपाने की थी योजना

एसटीएफ ने शराब लेकर हिमाचल प्रदेश से एटा जा रहे थे ट्रक और कार, चार आरोपी दबोचे।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2017, 8:05 AM IST
Illegal Liqueur

फिरोजाबाद। चुनाव से पहले आगरा एसटीएफ ने पचोखरा क्षेत्र में छापेमारी कर लाखों रूपए की देशी शराब बरामद की है। हिमाचल प्रदेश की शराब से भरे ट्रक और कार के साथ एसटीएफ ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़ी गई शराब की कीमती करीब 25 लाख रूपए बताई गई है।


आगरा एसटीएफ ने की कार्रवाई

एसटीएफ आगरा के निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह को सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश की शराब से भरा एक ट्रक संख्या एचआर 58 9781 एटा की ओर जा रहा है। एसटीएफ ने सूचना के आधार पर करीब सवा आठ बजे थाना पचोखरा थाना क्षेत्र के कोटकी गांव के समीप पुलिया पर ट्रक को रूकवा लिया। सादा वर्दी में ट्रक चालक एसटीएफ के जवानों को नहीं पहचान सका। ट्रक के रूकते ही पीछे आ रही कार स्विफ्ट संख्या यूपी 80 सीजेड 3880 सवारों ने भी कार को रोक दिया। इससे पहले कि ट्रक और कार सवार कुछ समझ पाते इससे पहले ही एसटीएफ ने दोनों वाहनों को घेरे में ले लिया।


हिमाचल प्रदेश की शराब मिली

तलाशी लेने पर ट्रक और कार से हिमाचल प्रदेश की 1100 पेटी देशी शराब की विहस्की मार्का बरामद हुई हैं। ट्रक के अंदर 1080 और कार के अंदर 20 पेटी शराब मिली हैं। आरोपी पुलिस से बचने के लिए भागने का प्रयास करने लगे लेकिन एसटीएफ ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। थानाध्यक्ष पचोखरा प्रवेश कुमार ने बताया कि पकडे गए आरोपियों के नाम रितु उर्फ टीटू उर्फ हरिओम पुत्र दिवाकर सिंह निवासी छितौनी थाना वेदपुरा इटावा, मुकेश कुमार मंडल पुत्र राजकुमार मंडल निवासी गांव नंदन थाना जदिया जिला सीफोर बिहार, तेजेन्द्र पचैरी पुत्र रविन्द्र पचैरी निवासी अर्जुन नगर ककरैठा थाना सिकंदरा आगरा, उपेन्द्र यादव उर्फ मोनू पुत्र चंदन सिंह निवासी टीकाराम थाना नसीरपुर फीरोजाबाद हैं। टीम में कांस्टेबल बृजराज सिंह, नाहर सिंह, अरविंद, रवेन्द्र शामिल रहे।


निकाय चुनाव में जानी थी शराब

माना जा रहा है कि एसटीएफ ने पकड़ी हिमाचल प्रदेश की शराब एटा निकाय चुनाव के लिए जा रही थी। प्रत्याशियों द्वारा विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश की शराब डिमांड कर मंगाई गई थी। इस शराब को चोरी छिपे ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर 1100 पेटी शराब पकडी गई है। इससे पहले भी जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब की गाडियों को पकड चुकी है।

Published on: