फिरोजाबाद

दवा व्यवसायी से मारपीट कर कैश लूटा

थाना दक्षिण के सुभाष तिराहा के पास की घटना। दुकान बंद कर जा रहे थे व्यवसायी। हथियारों से लैस थे बदमाश।
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2018, 11:53 AM IST
businessman
businessman

फिरोजाबाद। सुहागनगरी में बदमाशों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हथियार बंद बदमाशों ने दवा व्यवसायी से मारपीट कर लूटपाट कर दी। घटना उस समय हुई जब दवा व्यवसायी दुकान बंद कर घर जा रहे थेे। बदमाश एक लाख से अधिक का कैश लेकर भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

सुभाष तिराहे के पास की है घटना
थाना दक्षिण के सुभाष तिराहे के पास स्थित मनोज मेडिकल स्टोर पर बाइक सवार बदमाशों ने देर रात धावा बोल दिया। इस दौरान एक बदमाश बाहर खड़ा रहा और दो बदमाश दुकान के अंदर घुस गए। उन्होंने दवा व्यवसाई पंकज दत्त बंसल पर हथियार तान दिए और कैश देने को कहा। जब विरोध किया तो उसके सिर पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। पंकज को बदमाश अंदर बने केबिन में खींचकर ले गए थे। वहां पर मारपीट के बाद बैग को लूटकर और अन्य सामान को उठाकर भाग निकले। दवा व्यवसायी की मानें तो बैग में एक लाख रुपये से अधिक का कैश था। चेकबुक और पासबुक भी रखी थीं। इसके साथ ही लुटेरे दो मोबाइल फोन भी लेकर भाग गए।

घर जाकर पुलिस ने की तहकीकात
सूचना के बाद मंगलवार की सुबह जहां थाना दक्षिण पुलिस ने पहुंचकर दवा व्यवसायी के घर मोहल्ला गंज में तहकीकात की। वहीं विधायक मनीष असीजा ने भी पहुंचकर जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से जल्द इस मामले के खुलासा करने को कहा। विधायक ने कहा कि जिन सिपाहियों की ड्यूटी सुभाष तिराहे पर थी, उनके खिलाफ भी जांच के बाद कार्रवाई की जाए। वहीं सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर पुलिस लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बताते चलें बाइक सवार बदमाशों ने करीब डेढ़ साल पहले भी इसी दवा व्यवसाई के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। उस समय करीब पांच लाख रुपये की लूट हुई थी।

Published on: