
फिरोजाबाद। सुहागनगरी की मेयर नूतन राठौर सबसे कम उम्र की पहली महिला महापौर हैं। शहर के ही वार्ड नंबर 12 से सबसे कम उम्र के पार्षद चुने गए भाजपा के पार्षद और मेयर के पिता की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद पार्षद ने महापौर के पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद ने महापौर के पिता पर धमकी देने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। भाजपा के अंदर मचे इस घमासान को लेकर पार्टी के लोग ही परेशान हैं।
फोन पर धमकी देने का आरोप
भारतीय जनता पार्टी के पार्षद मनोज शंखवार ने महापौर के पिता मंगल सिंह राठौर पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पार्षद का आरोप है कि नगर निगम के कार्यों में पिता का हस्तक्षेप चल रहा है। वार्ड नंबर 12 से भारतीय जनता पार्टी के पार्षद मनोज शंखवार को महापौर नूतन राठौर के पिता मंगल सिंह राठौर ने फोन पर धमकाया कहा कि दूसरों की बातों में आकर कामों में हस्तक्षेप कर रहे हो साथ ही मनोज शंखवार का कहना है क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है उसका विरोध करने पर महापौर के पिता द्वारा मुझे फोन पर धमकी दी जा रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने ली चुटकी
घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिशंकर तिवारी का कहना है जब से नए बोर्ड गठन हुआ है तभी से नगर निगम में अनियमितताओं का प्रभाव है कोई भी काम मानक के अनुरूप नहीं किया जा रहा है आज जो ऑडियो वायरल हुआ है उसे साफ पता चलता है कि महापौर के पिता मंगल सिंह राठौर पार्षदों पर दबाव बनाना चाहते हैं।
क्या कहना है भाजपा शहर अध्यक्ष का
भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता से ऑडियो वायरल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई ऑडियो वायरल हुआ है तो जांच कराई जाएगी और जो भी पार्षद बोर्ड में चुनकर आए हैं वह सम्माननीय हैं और भारतीय जनता पार्टी सदैव उनके साथ हैं।