राष्ट्रीय, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जीते स्वर्ण, पचोखरा क्षेत्र में ट्राॅली से हो गई थी टक्कर
फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला दल के निकट हुए हादसे में एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की मौत हो गई। मृतक वेट लिफ्टिंग, पंजा प्रतियोगिता समेत कई अन्य खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुका है। पचोखरा थाना क्षेत्र में ट्राॅली से बाइक टकरा जाने से यह हादसा हुआ था।
कासगंज का रहने वाला था मृतक
कासगंज के अमापुर रोड़ आवास विकास कालोनी निवासी जय सिंह पाल पुत्र स्व.होरीलाल पाल का 24 वर्षीय पुत्र मोहित पाल आगरा से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वह आगरा जाने के लिए अपनी बाइक संख्या यूपी 87 के 5645 से निकला था। शाम करीब आठ बजे थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला दल के निकट बाइक एक ट्रैक्टर ट्रौली से टकरा गई, जिसमें मोहित की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोबाइल से दी थी सूचना
मृतक के पास से मिले मोबाइल से सूचना परिजनों को दी गई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक आगरा में किराए पर रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। मोहित ने पॉवर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में जनपद, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया है। मृतक ने स्काउट गाइड व राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर सामाजिक कार्याे में भी बढ़ चढ़कर भाग लिया था।
जीते कई पदक
2014 में केरल में हुई राष्ट्रीय आम्र्स रेसलिंग प्रतियोगिता में भी मोहित की टीम ने तीन स्वर्ण समेत छह पदक जीते थे। इसके साथ ही नागपुर व अन्य प्रदेशों में हुई खेल प्रतियोगिताओं में भी मोहित का अहम योगदान रहा है। मोहित के रूप में कासगंज ने एक प्रतिभावान खिलाड़ी को खो दिया है।
ये भी पढ़ें - आठ रूपए के पीछे पेट्रोल पंप पर विवाद, फायरिंग