
फिरोजाबाद। सोमवार रात्रि फिरोजाबाद के टूंडला नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। हजारों लोगों ने नयनाभिराम नेत्रों से श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुध्न के स्वरूपों के दर्शन किए। नगर में दर्जनों स्थानों पर बारात का पुष्पवर्षा व आरती उतारकर स्वागत किया गया। बारात देर रात्रि जनकपुरी पहुंची, जहां राजा जनक ने आरती उतारकर बारात का स्वागत किया। बारात देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से काफी तादाद में महिला, पुरुष और बच्चे आए थे। काली अखाड़ा आकर्षण का केन्द्र रहा।
फिरोजाबाद विधायक ने किया शुभारंभ
सोमवार रात्रि नगर में श्रीराम बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात देखने के लिए देर शाम से ही आस-पास क्षेत्र की भीड़ नगर में आ गई थी। बारात के स्वागत के लिए नगर को दुल्हन की तरह सजाया व संवारा गया था। नगर में जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए थे। एटा रोड से बारात का शुभारंभ मुख्य अतिथि फीरोजाबाद विधायक मनीषा असीजा ने भगवान श्रीराम के स्वरूपों की आरती उतारकर किया।
झांकी रहीं आकर्षण का केन्द्र
बारात में सबसे आगे भगवान गणेश की झांकी चल रही थी। उनके पीछे शिव-पार्वती, मां दुर्गा की झांकी, सुरसा के मुंह में हनुमानजी की झांकी, बांके बिहारी की झांकी, राम-रावण युद्ध की झांकी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं। झांकियों के बीचों बीच चल रहे आधा दर्जन बैंड धार्मिक धुन बजाते चल रहे थे। बैंड की मधुर ध्वनि पर युवा थिरकते चल रहे थे। बैंड के साथ भरत-शत्रुघन का डोला चल रहा था। सबसे पीछे भगवान श्रीराम का डोला चल रहा था। जिसमें भगवान श्रीराम व लक्ष्मण मनमोहनी मूरत के रूप में विराजमान थे।
नगर में किया भ्रमण
राम बारात नगर भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान स्थित जनकपुरी पहुंची। देर रात्रि विधि विधान व मंत्रों की गूंज के बीच माता सीता व भगवान श्रीराम का विवाह संपन्न कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से राम बारात के साथ व्यापक पुलिस बल व पीएसी के जवान तैनात रहे। इस मौके पर अध्यक्ष इन्द्र्रजीत सिंह टेंटी, महामंत्री राधेश्याम चैहान, कोषाध्यक्ष मनप्रीत सिंह कीर, संयोजक जयजीव पाराशर, राजीव दुबे, अमित पाठक, ब्रज क्षेत्र मंत्री उदय प्रताप सिंह, रश्मि सिंह, जितेन्द्र शर्मा, सुशील पौनियां, द्विजेन्द्र विक्रम परमार, पंकज परमार, तरूण शर्मा, आदित्य, संजय परमार, नितिन, नानू, अजीत आदि मौजूद रहे।