— प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री ने सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस को बताया भ्रष्टाचार की पार्टी।
फिरोजाबाद। शुक्रवार को लोकसभा संचालन की बैठक में शामिल होने आए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व पार्टी के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इन पार्टियों को भ्रष्टाचार की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम कसे जाने के बाद ये सभी दल बौखला गए हैं और देश के प्रधानमंत्री पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
विरोधियों के पास नहीं है कोई मुद्दा
उन्होंने कहा कि भाजपा से बहस करने के लिए किसी के पास कोई मुद्दा नहीं है। किसने कितना विकास कराया, इस मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा। बौखलाहट में लोग भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। भ्रष्टाचार खत्म होना ही अखिलेश यादव, मायावती और राहुल गांधी की परेशानी हैं। सपा, बसपा और रालोद भ्रष्टाचार के छोटे नाले हैं जो कांग्रेस जैसे बड़े नाले में जाकर मिलते हैं।
दस साल तक थी कांग्रेस सरकार
उन्होंने कहा कि दस साल तक देश में कांग्रेस की सरकार थी। जिसका नेतृत्व मनमोहन सिंह कर रहे थे। प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद को भी कांग्रेस ने बंधक बना लिया था। जब केन्द्र में दस साल तक कांग्रेस की सरकार थी। इसमें अखिलेश यादव और मायावती का समर्थन मिलता रहा। 15 साल तक जो लूट का काम सपा और बसपा ने किया इसमें कांग्रेस की सहभागिता रहती थी। इनका पुराना गठजोड़ है। जो लोग अलग-अलग अपनी दुकान चलाते थे वह भ्रष्टाचार के खात्मे के बाद बंद हो गई। इसलिए सब लोग लामबंद्ध हो रहे हैं। इसलिए यह सब झूठ बोल रहे हैं।