
फिरोजाबाद। शौच करने जा रही तीन बच्चों की मां को गांव के ही एक दबंग ने पीछे से दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने उसके प्रयासों को विफल कर दिया। शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी। नतीजन बदनामी के भय से महिला ने आत्महत्या करने का प्रयास करते हुए मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में महिला को आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें—
नगला सिंघी थाना क्षेत्र का है मामला
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी भाऊ निवासी मंजू सविता पत्नी सुनील कुमार सोमवार शाम शौच करने खेत जा रही थी। आरोप है कि तभी उनके सामने रहने वाला रोनू पुत्र राकेश यादव ने उसे पीछे से दबोच लिया और गलत काम करने का प्रयास करने लगा। महिला ने उसके मंसूबों को विफल कर दिया और किसी तरह बचकर घर आ गई। उसने पति को घटना की जानकारी दी। पति ने पुलिस को इस मामले की शिकायत की।
यह भी पढ़ें—
पुलिस के पहुंचने पर भाग गए आरोपी
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग गए। कुछ देर रूकने के बाद पुलिस वहां से वापस चली गई। रात्रि में आरोपी वापस गांव में आ गया। सुबह पानी भरकर लाई महिला पर आरोपी ने कमेंट कर दिए। इसकी शिकायत परिजनों ने दोबारा पुलिस से की। पुलिस खानापूर्ति कर वापस लौट गई। कुछ देर बाद आरोपी वापस गांव आए और कमेंट कसने लगे। इससे परेशान महिला ने कमरे में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
यह भी पढ़ें—
आगरा में कराया भर्ती
हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को गंभीर हालत में आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला करीब 80 से 90 प्रतिशत तक जल गई है। अस्पताल में पहुंच पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। जहां पुलिस ने रोनू नामक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया। परिवारीजनों का आरोप है कि यदि पुलिस आरोपियों को समय से पकड़ लेती तो यह दिन नहीं देखना पड़ता। पुलिस की लापरवाही के चलते एक उनकी बहू जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। महिला के तीन बच्चे सनी, अमित और लक्ष्मी हैं।