
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता की रेस में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच लंबे समय से मुकाबला देखा जा रहा है। वैश्विक स्तर पर अपना प्रभाव रखने वाले ये दोनों दिग्गज नेता हर एक मौके पर एक-दूसरे को पीछे छोड़ने में लगे रहते है। हालिया सीरिया हिंसा का मामला हो या फिर क्रीमिया विवाद, अमरीका और रूस का पक्ष दोनों अवसरों पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने का ही रहा है। रविवार की रात रूस के लिए काफी अहम थी। रूस ने पहली बार फीफा विश्व कप की सफल मेजबानी की। लेकिन टूर्नामेंट समाप्ति के अंतिम समय में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुछ ऐसा किया कि उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
फाइनल मुकाबले के बाद हुई ये घटना-
रविवार को राजधानी मॉस्को में हुए फाइनल मुकाबले में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से हराते हुए दूसरी बार खिताब पर अपना कब्जा जमाया। मैच के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और क्रोएशिया की महिला राष्ट्रपति कोलिंडा ग्रैबर कितरोविच स्टेडियम में मौजूद थी। इस दौरान दोनों अपनी टीम को चियर करते दिखे।
अवार्ड सेरेमनी में पुतिन की शिरकत-
फाइनल मुकाबले का नतीजा सामने आने के बाद आयोजित अवार्ड सेरेमनी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी शिरकत की। उस समय फ्रांस की टीम जीतने के बाद स्टेडियम में जश्न मना रही थी। तभी मॉस्को में बारिश आ गई। बारिश अवार्ड सेरेमनी के दौरान भी होती रही। अवार्ड सेरेमनी के दौरान जैसे ही बारिश होनी शुरू हुई, तभी एक रूसी अफसर बड़ा सा छाता लेकर मैदान में आए और पुतिन को लगा दिया। उस दौरान मैदान में मौजूद क्रोएशिया और फ्रांस के राष्ट्रपति और बाकी अफसर भीगते रहे। लेकिन उनके लिए छाता नहीं मंगवाया गया।
सोशल मीडिया में वायरल हो रही तस्वीर-
अवार्ड सेरेमनी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। जिसमें एक रूसी अफसर पुतिन को छाता लगाए खड़ा है। जबकि आस-पास में फ्रांस औऱ क्रोएशिया की राष्ट्रपित और अन्य वरीय अधिकारी भीग रहे है। वायरल हो रही इस तस्वीर पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि क्रोएशिया की राष्ट्रपति कोलिंडा ग्रैबर कितरोविच को महिला होने के बावजूद तरजीह नहीं दी गई। वे भीगती रहीं। पुतिन को अपना छाता उन्हें दे देना चाहिए था। हालांकि बाद में अन्य लोगों के लिए भी छाता लाया गया, लेकिन अन्य सभी छाते पुतिन की छाता से छोटे थे।