
नियोम स्काई स्टेडियम (File Photo)
पिछले कुछ सालों में सऊदी अरब (Saudi Arabia) खेलों का हब बन गया है, लेकिन सऊदी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि तब हासिल होगी, जब वहाँ 2034 में फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) का आयोजन होगा। 8 साल बाद होने वाले फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए सऊदी अरब ने अभी से खास तैयारी करनी शुरू कर दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब दुनिया का सबसे अनोखा स्टेडियम बनाने की तैयारी कर रहा है। खास बात ये है कि यह स्टेडियम ज़मीन पर नहीं बल्कि ज़मीन से 350 मीटर की ऊंचाई पर बनाया जाएगा।
सऊदी के इस अनोखे स्टेडियम का नाम नियोम स्काई स्टेडियम (NEOM Sky Stadium) होगा। यह नियोम परियोजना का हिस्सा होगा। नियोम, सऊदी अरब विज़न 2030 योजना के तहत डेवलप किया जा रहा दुनिया की सबसे महत्वकांक्षी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट है। इस पूरे आधुनिक शहर को बनाने में करीब 500 बिलियन डॉलर खर्च होंगे।। इस प्रोजेक्ट की घोषणा 2017 में सऊदी के प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान अल सऊद (Mohammed bin Salman Al Saud) ने की थी। इसका उद्देश्य तेल पर निर्भर अर्थव्यवस्था को तकनीक, पर्यटन और हरित ऊर्जा आधारित अर्थव्यवस्था में बदलना है। नियोम स्काई स्टेडियम भी इसी स्मार्ट सिटी में होगा।
एक रिपोर्ट के अनुसार नियोम स्काई स्टेडियम को बनाने में करीब 1 बिलियन डॉलर खर्च होंगे। इस स्टेडियम में दर्शक क्षमता 46,000 होगी। इस स्टेडियम में फीफा विश्व कप के ग्रुप मैच और क्वार्टरफाइनल कराए जाने की संभावना है।
खिलाड़ी और दर्शक इस स्टेडियम तक हाई-स्पीड ट्रांजिट सिस्टम और हाई-स्पीड लिफ्ट के ज़रिए पहुंचेंगे। रेगिस्तान की गर्मी से निपटने के लिए इस स्टेडियम में आधुनिक कूलिंग और क्लाइमेट कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
नियोम स्काई स्टेडियम को चलाने के लिए आवश्यक बिजली जीवाश्म ईधन से नहीं बल्कि नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उपलब्ध कराई जाएगी। स्टेडियम की बिजली का बड़ा हिस्सा विशाल सोलर प्लांट्स से आएगा। सऊदी के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में उपलब्ध तेज़ हवाओं का इस्तेमाल विंड टर्बाइनों के ज़रिए इस स्टेडियम के लिए किया जाएगा। स्टेडियम में एलइडी लाइटिंग, स्मार्ट एयर कंडीशनिंग, प्राकृतिक रोशनी का ज़्यादा इस्तेमाल होगा और पानी बचाने वाली तकनीकों को भी अपनाया जाएगा।
Updated on:
23 Jul 2026 03:47 am
Published on:
23 Jul 2026 03:47 am
