
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में मंगलवार सुबह बेल्जियम ने यूएसए को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेल्जिमय ने क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बेल्जियम की ओर से
चार्ल्स डी केटेलेयर ने दो तो रोमेलु लुकाकू और हंस वानाकेन ने एक-एक गोल दागा। जबकि यूएसए की तरफ से सिर्फ एक गोल मलिक टिलमैन ने किया।
मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम की टीम यूएसए पर हावी नजर आई। पहले हाफ के 9वें मिनट में बेल्जियम की ओर से चार्ल्स डी केटेलेयर ने पहला गोल दागते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद यूएसए की ओर मलिक टिलमैन ने 31वें मिनट में गोल दागकर टीम की वापसी कराई और स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। फिर दो मिनट बाद ही चार्ल्स ने 33वें मिनट अपना और टीम का दूसरा गोल दागते हुए बेल्जियम की बढ़त को 2-1 कर दिया। इसके बाद पहले हाफ में कई प्रयास हुए, लेकिन बेल्जियम की बढ़त कायम रही।
मैच के दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों ने काफी आक्रामक गेम खेला। यूएसए ने गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मैच के 57वें मिनट में हंस वानाकेन गोल दागते हुए बेल्जियम की बढ़त को 3-1 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने आक्रमण जारी रखा, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में 93वें मिनट में रोमेलु लुकाकू ने गोल दागा और बेल्जियम की बढ़त को 4-1 पर ला दिया।
मैच की शुरुआत में यूएसए का शोर पूरे स्टेडियम में गूंजता रहा। इस शोर में बेल्जियम के नारे लगा रहे फैंस की आवाज नहीं सुनाई दी। 67,000 फैंस में से ज्यादातर 9वें मिनट में चुप हो गए, जब डी केटेलेयर ने पहला गोल दागा। निकोलस रस्किन के क्रॉस पर कुछ ढीले डिफेंस को चकमा देते हुए, उन्होंने पास से आसानी से गोल कर दिया। काफी देर बाद जब मलिक ने गोल किया तो फिर से यूएसए के फैंस का शोर सुनाई दिया, लेकिन केटेलेयर के दूसरे गोल के बाद यूएसए के फैंस निराशा में डूब गए।