फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराया, प्री-क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह

FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराते हुए प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। प्री-क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला मैक्सिको से होगा।
2 min read
Jul 02, 2026
England beats DR Congo
इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराया (Photo - FIFA)

फीफा वर्ल्डकप (FIFA World Cup) 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में इंग्लैंड (England) ने डीआर कांगो (DR Congo) को हराते हुए प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने यह मैच 2-1 से जीतते हुए प्री-क्वार्टरफाइनल का टिकट पक्का किया। कांगो के लिए ब्रायन सिपेंगा (Brian Cipenga) ने 7वें मिनट में गोल दागते हुए बढ़त बनाई, जो मैच के पहले हाफ तक बरकरार रही। मैच के दूसरे हाफ में इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर हैरी केन (Harry Kane) ने 75वें मिनट में गोल दागकर स्कोर बराबर किया और फिर 86वें मिनट में एक और गोल दागते हुए इंग्लैंड को बढ़त दिलाई और साथ ही जीत भी सुनिश्चित की।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड का शानदार खेल

पहले हाफ में पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाया। हैरी केन ने अपने फैंस की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए टीम के लिए दो शानदार गोल दागें और इंग्लैंड को जीत दिलाई। इसके साथ ही इस वर्ल्ड कप में उनके 5 गोल हो गए हैं।

मैच के आंकड़े

इस मैच में इंग्लैंड ने 16 शॉट्स लगाए, तो वहीँ कांगो ने सिर्फ 7 ही शॉट्स लगाए। इंग्लैंड के 8 शॉट्स टारगेट पर लगे, तो कांगो के सिर्फ 2 शॉट्स ही टारगेट पर लगे। इंग्लैंड के पास कुल समय के 54% समय बॉल रही, तो कांगो के खिलाड़ियों के पास 46% समय बॉल रही। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान 92% सटीकता के साथ 493 पास किए, तो वहीँ कांगो के खिलाड़ियों ने 84% सटीकता के साथ 346 पास किए। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 9 फाउल किए, तो वहीँ कांगो के खिलाड़ियों ने 12 फाउल किए। दोनों टीमों को 1-1 येलो कार्ड मिला। वहीँ इंग्लैंड को 5, तो कांगो को 3 कॉर्नर मिले।

इंग्लैंड और मैक्सिको के बीच होगी अगले राउंड में टक्कर

प्री-क्वार्टरफाइनल में अब इंग्लैंड और मैक्सिको (Mexico) में टक्कर होगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मैक्सिको ने इक्वाडोर (Ecuador) को 2-0 से हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल का टिकट पक्का किया था।

दूसरे खिताब पर नज़र

इस जीत के साथ इंग्लैंड की नज़र अब अपने दूसरे खिताब पर हैं। इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार ही यह खिताब अपने नाम किया है, जब उसने 1966 में जर्मनी (Germany) को 4-2 से हराया था।