फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: फ्रांस ने पैराग्वे को 1-0 से हराया, क्वार्टरफाइनल का टिकट किया पक्का

FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 16 यानी प्री-क्वार्टरफाइनल के दूसरे मैच में पैराग्वे के खिलाफ फ्रांस को जीत हासिल हुई। 1-0 से जीत के साथ ही फ्रांस ने क्वार्टरफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Jul 2026, 5:21 AM IST
France defeats Paraguay
फ्रांस ने पैराग्वे को हराया (Photo - FIFA)

फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 2026 के राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टरफाइनल) के दूसरे मैच में पैराग्वे (Paraguay) को हराते हुए फ्रांस (France) ने क्वार्टरफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। फ्रांस ने यह मैच 1-0 से अपने नाम किया। फ्रांस के लिए उनके स्टार खिलाड़ी किलियन म्बाप्पे (Kylian Mbappé) ने दूसरे हाफ में गोल दागते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

पेनल्टी किक पर म्बाप्पे ने दागा गोल

मैच के पहले हाफ में दोनों ही टीम गोल नहीं कर पाई। दूसरे हाफ में मैच के 70वें मिनट में फ्रांस को पेनल्टी किक मिली और म्बाप्पे ने बिना कोई गलती किए गोल दाग दिया। इसके साथ ही उनके इस वर्ल्ड कप में अब तक 7 गोल हो गए हैं।

फ्रांस की रही पूरे मैच पर पकड़

भले ही फ्रांस ने पेनल्टी किक पर गोल दागा, लेकिन पूरे मैच पर उसकी पकड़ बनी रही। चाहे अटैक हो या डिफेंस, फ्रांस के खेल में मज़बूती दिखाई दी। ज़्यादातर समय बॉल फ्रांस के पास ही रही। हालांकि पैराग्वे का डिफेंस अच्छा रहा, लेकिन पेनल्टी किक की वजह से गोलकीपर ऑरलैंडो गिल (Orlando Gill) गोल नहीं बचा पाए।

मैच के आंकड़े

इस मैच में फ्रांस ने 15 शॉट्स लगाए, तो वहीँ पैराग्वे ने 5 शॉट्स लगाए। फ्रांस के 5 शॉट्स टारगेट पर लगे, तो पैराग्वे का सिर्फ 1 शॉट टारगेट पर लगा। फ्रांस के पास कुल समय के 76% समय बॉल रही, तो पैराग्वे के खिलाड़ियों के पास सिर्फ 24% समय बॉल रही। फ्रांस के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान 90% सटीकता के साथ 552 पास किए, तो वहीँ पैराग्वे के खिलाड़ियों ने 57% सटीकता के साथ सिर्फ 175 पास किए। फ्रांस के खिलाड़ियों ने 11 फाउल किए, तो वहीँ पैराग्वे के खिलाड़ियों ने 12 फाउल किए। फ्रांस को 3 येलो कार्ड मिले, जबकि पैराग्वे को एक भी येलो कार्ड नहीं मिला। फ्रांस और पैराग्वे दोनों ने ही एक भी ऑफसाइड नहीं किया। फ्रांस को 12 कॉर्नर मिले, जबकि पैराग्वे को सिर्फ 2 कॉर्नर मिले।

क्वार्टरफाइनल में होगी फ्रांस और मोरक्को की टक्कर

फीफा वर्ल्ड कप का पहला क्वार्टरफाइनल मैच तय हो गया है। यह फ्रांस और मोरक्को (Morocco) के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीम इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। ऐसे में क्वार्टरफाइनल में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।