फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: घाना के डिफेंस को नहीं तोड़ पाई इंग्लैंड, दोनों टीमों का नॉकआउट्स में पहुंचना लगभग तय

FIFA World Cup 2026 ENG vs GHA: इंग्लैंड को 0-0 से ड्रॉ पर रोककर अंतिम 32 राउंड के लिए अपना स्थान लगभग तय कर लिया है, साथ ही इंग्लैंड भी अगले दौर में पहुंच गई है।
2 min read
Jun 24, 2026
england vs ghana
इंग्लैंड बनाम घाना (फोटो- FIFA)

England vs Ghana Highlights: फीफा वर्ल्डकप 2026 में खिताब की प्रबल दावेदारों में से एक इंग्लैंड की टीम घाना के खिलाफ एक गोल भी नहीं कर पाई। दुनिया की चौथे नंबर की टीम के खिलाफ घाना ने शानदार डिफेंस का खेल दिखाया, जिसकी वजह से मुकाबाल 0-0 से ड्रॉ रहा। इस गोलरहित ड्रॉ की वजह से दोनों टीमों को एक एक अंक मिल गया और इस एक अंक के साथ दोनों टीमों का अगले दौर में पहुंचना लगभग तय है।

इंग्लैंड का आक्रामक खेल नहीं आया काम

इंग्लैंड ने मैच में पहला बड़ा मौका 13वें मिनट में बनाया, जब डेक्लान राइस की लंबी दूरी की फ्री-किक गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन जॉर्डन अयू और रीस जेम्स की टक्कर के कारण खेल कुछ देर के लिए रुक गया। इसके बाद में हुए हाइड्रेशन ब्रेक ने भी मैच की लय को प्रभावित किया, जिससे इंग्लैंड की बढ़त बनाने की कोशिशों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

पहले हाफ में जूड बेलिंगहैम का एक शॉट घाना के दो डिफेंडर ने ब्लॉक किया। वहीं, राइस ने नोनी मडुके के क्रॉस पर हेडर लगाया, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली। हाफ टाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह भी घाना के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।

दूसरे हाफ में भी इंग्लैंड की कोशिशें बेकार

दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने और तेजी से हमले किए। इलियट एंडरसन का करीब से लगाया गया हेडर ब्लॉक हो गया, जबकि एंथनी गॉर्डन के शॉट को घाना के गोलकीपर बेंजामिन असारे ने शानदार तरीके से बचा लिया। हैरी केन ने भी एक लो शॉट लगाकर गोल करने की कोशिश की, लेकिन असारे ने फिर से बेहतरीन बचाव किया।

हालांकि, घाना सिर्फ बचाव तक सीमित नहीं रहा। टीम ने जवाबी हमलों के जरिए इंग्लैंड के डिफेंस को भी परखा। मैच खत्म होने से करीब दस मिनट पहले घाना के पास गोल करने का शानदार मौका था। अब्दुल फतावु गोल की ओर बढ़े, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड और डिफेंडर एजरी कोंसा ने मिलकर अब्दुल की कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद एंटोनी सेमेन्यो भी गोल करने से चूक गए।

मैच के अंतिम मिनटों में इंग्लैंड ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। बुकायो साका के मैदान पर आने के बाद टीम के हमले और तेज हुए। मॉर्गन ओ’रेली के शानदार क्रॉस पर हैरी केन को मौका मिला, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर चला गया। इंजरी टाइम में मार्क गुएही का हेडर भी लक्ष्य से चूक गया।

अंत में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। इस ड्रॉ के बाद ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना की स्थिति मजबूत हो गई है। दोनों टीमें अपने आखिरी ग्रुप मैच में क्रमशः पनामा और क्रोएशिया का सामना करेंगी। इन मुकाबलों में सिर्फ एक अंक हासिल करने पर भी दोनों टीमों का राउंड ऑफ 32 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा।

Also Read
View All