
फीफा वर्ल्डकप (FIFA World Cup) 2026 के राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टरफाइनल) की शुरुआत हो चुकी है। पहले ही मैच में मोरक्को (Morocco) ने मेजबान देशों में से एक कनाडा (Canada) को हरा दिया है। मोरक्को ने यह मैच 3-0 से जीतते हुए कनाडा को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ ही मोरक्को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। मोरक्को की तरफ से अज़ेदीन ओउनाही (Azzedine Ounahi) ने मैच के 50वें मिनट में पहला गोल दागते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। फिर ओउनाही ने 82वें मिनट में एक और गोल दागते हुए इस बढ़त को बढ़ा दिया। दूसरा हाफ पूरा होने के बाद इंजरी टाइम के 8वें मिनट (90+8') में सोफियान रहीमी (Soufiane Rahimi) ने मोरक्को के लिए तीसरा गोल दाग दिया और कनाडा की उम्मीदों को तोड़ दिया।
मैच के पहले हाफ में कोई भी गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को ने शानदार खेल दिखाया और कनाडा को रौंदते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। दूसरे हाफ में मोरक्को के अटैक के आगे कनाडा का डिफेंस बेबस नज़र आया। ओउनाही ने इस मैच में दो गोल के साथ ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना खाता भी खोला।
इस मैच में मोरक्को ने 5 शॉट्स लगाए, तो वहीँ कनाडा ने 10 शॉट्स लगाए। मोरक्को के 4 शॉट्स टारगेट पर लगे, तो कनाडा के 3 शॉट्स टारगेट पर लगे। मोरक्को के पास कुल समय के 56% समय बॉल रही, तो कनाडा के खिलाड़ियों के पास 44% समय बॉल रही। मोरक्को के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान 85% सटीकता के साथ 399 पास किए, तो वहीँ कनाडा के खिलाड़ियों ने 78% सटीकता के साथ 347 पास किए। मोरक्को के खिलाड़ियों ने 14 फाउल किए, तो वहीँ कनाडा के खिलाड़ियों ने 23 फाउल किए। मोरक्को और कनाडा दोनों को ही 4-4 येलो कार्ड मिले। मोरक्को ने 3 ऑफसाइड किए, तो कनाडा ने 2 ऑफसाइड किए। मोरक्को को सिर्फ 1 कार्नर मिला, जबकि कनाडा को 11 कार्नर मिले।
क्वार्टरफाइनल में मोरक्को की भिड़ंत फ्रांस (France) और पैराग्वे (Paraguay) के बीच होने वाले प्री-क्वार्टरफाइनल की विजेता टीम से होगी।