फुटबॉल

FIFA World Cup 2026: स्पेन ने पुर्तगाल को हराकर क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह, क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूटा

FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 16 यानी प्री-क्वार्टरफाइनल में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। पुर्तगाल के साथ ही सुपरस्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Jul 2026, 5:19 AM IST
Spain defeats Portugal
स्पेन ने पुर्तगाल को हराया (Photo - FIFA)

फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 2026 के राउंड ऑफ 16 (प्री-क्वार्टरफाइनल) में 2010 की चैंपियन स्पेन (Spain) ने पुर्तगाल (Portugal) को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही स्पेन ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है और 16 साल बाद एक बार फिर चैंपियन बनने की अपनी उम्मीद को कायम रखा है। स्पेन के लिए मिकेल मेरिनो (Mikel Merino) ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के पहले मिनट (90+1') में गोल दागते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूटा

स्पेन की जीत के साथ पुर्तगाल का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सफर खत्म हो गया है और इसके साथ ही सुपरस्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया है। 41 वर्षीय रोनाल्डो इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि यह उनका आखिरी फीफा वर्ल्ड कप है। अपने फुटबॉल करियर में वह कई कीर्तिमान और चैंपियनशिप्स अपने नाम कर चुके हैं लेकिन कभी भी पुर्तगाल को फीफा वर्ल्ड कप नहीं जिता पाए। स्पेन के खिलाफ पुर्तगाल की हार के बाद रोनाल्डो काफी भावुक नज़र आए। उनकी आंखों में आंसू और चेहरे पर वर्ल्ड कप न जीतने का दर्द झलक रहा था।

मैच के आंकड़े

इस मैच में स्पेन ने 15 शॉट्स लगाए, तो वहीँ पुर्तगाल ने 10 शॉट्स लगाए। स्पेन के 6 शॉट्स टारगेट पर लगे, तो पुर्तगाल के 3 शॉट्स टारगेट पर लगे। स्पेन के पास कुल समय के 56% समय बॉल रही, तो पुर्तगाल के खिलाड़ियों के पास 44% समय बॉल रही। स्पेन के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान 91% सटीकता के साथ 522 पास किए, तो वहीँ पुर्तगाल के खिलाड़ियों ने 85% सटीकता के साथ 434 पास किए। स्पेन के खिलाड़ियों ने 13 फाउल किए, तो वहीँ पुर्तगाल के खिलाड़ियों ने 9 फाउल किए। स्पेन को 1 येलो कार्ड मिला, जबकि पुर्तगाल को 2 येलो कार्ड मिले। स्पेन ने 1 ऑफसाइड किए, वहीँ पुर्तगाल ने 2 ऑफसाइड किए। स्पेन को 7 कॉर्नर मिले, जबकि पुर्तगाल को 3 कॉर्नर मिले।

क्वार्टरफाइनल में किस टीम से होगी स्पेन की भिड़ंत?

फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में स्पेन की भिड़ंत अमेरिका (United States of America) और बेल्जियम (Belgium) के बीच होने वाले प्री-क्वार्टरफाइनल मैच की विजेता टीम से होगी।


Updated on:
12 Jul 2026, 5:19 AM IST
Published on: