फुटबॉल

ISL : चेन्नइयन से हिसाब बराबर कर बेंगलुरु का विजयी आगाज

इस तरह बेंगलुरु ने बीते सीजन के फाइनल में चेन्नइयन एफसी से मिली हार का हिसाब बराबर करते हुए नए सीजन का विजयी आगाज किया।
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2018, 11:03 AM IST
isl
ISL : चेन्नइयन से हिसाब बराबर कर बेंगलुरु का विजयी आगाज

नई दिल्ली। बेंगलुरु एफसी ने रविवार को कांतिरावा स्टेडियम में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने पहले मुकाबले में मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी को 1-0 से हरा दिया। इस तरह बेंगलुरु ने बीते सीजन के फाइनल में चेन्नइयन एफसी से मिली हार का हिसाब बराबर करते हुए नए सीजन का विजयी आगाज किया।

दूसरी ओर, खेल की शुरुआत से ही आक्रामक नजर आ रही चेन्नइयन एफसी टीम ने अपना पूरा ध्यान छेत्री जैसे स्टार को घेरे रखने में लगाया और पहले हाफ की शुरुआत में अच्छा खेल दिखाया लेकिन इसी बीच मीकू ने मौका पाकर 41वें मिनट में जिस्को हर्नादेज की मदद से गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। चेन्नइयन एफसी ने बीते साल कांतिरावा स्टेडियम में ही खेले गए चौथे सीजन के फाइनल मैच में बेंगलुरू एफसी को 3-2 से हराया था और अब बेंगलुरू ने अपने 20 हजार जुनूनी प्रशंसकों की मौजूदगी में उसका हिसाब बराबर कर लिया।

पहला हाफ रोचक और रोमांचक रहा। गोलपोस्ट पर पहला शॉट बेंगलुरु ने तीसरे मिनट में लिया लेकिन इसके बाद चेन्नइयन एफसी ने बढ़त हासिल करने के दो शानदार मौके गंवाए। दोनों ही मौकों पर भारत के लिए खेलने वाले स्टार स्ट्राइकर जेजे लालपेख्लुआ चूक गए। बेंगलुरु के लिए मैच और सीजन का पहला गोल मीकू नाम से मशहूर निकोलस लाडिसलाओ फेडोर फ्लोरेस ने 41वें मिनट में किया। यह गोल जिस्को हर्नांदेज की मदद से हुआ। वैसे चेन्नइयन एफसी ने 19वें और 32वें मिनट में गोल करने का बेहतरीन मौका गंवाया। दोनों ही मौकों के केंद्र में उसके स्टार स्ट्राइकर जेजे थे जो गोल करने से चूक गए। दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में दोनों टीमो के बीच गेंद पर नियंत्रण के लिए संघर्ष जारी रहा। 57वें मिनट में चेन्नइयन एफसी के जेरी को पीला कार्ड मिला। 59वें मिनट में चेन्नइयन एफसी ने पहला बदलाव किया और इसाक वेन्मालसावमा को बाहर करते हुए अनिरुद्ध थापा को अंदर किया।

72वें मिनट में बेंगलुरु और भारत के कप्तान सुनील छेत्री गोल करने के काफी करीब थे लेकिन मीकू द्वारा मिले इस पास तथा छेत्री के बीच काल्डेरान दीवार की तरह खड़े हो गए। बॉक्स के अंदर गेंद पर नियंत्रण पाकर छत्री ने उन्हें छकाने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सके। 75वें मिनट में बेंगलुरु ने जिस्को को बाहर कर चेंचो गायेटशीन को अंदर लिया जबकि 77वें मिनट में चेन्नयन एफसी ने मेलसन आल्वेस को बाहर कर कार्लोस सालोम को अंदर किया। 89वें मिनट में बेंगलुरू ने अपना अंतिम बदलाव किया लेकिन तमाम बदलावों के बावजूद इस मैच में कोई और गोल नहीं हो सका। इस तरह बेंगलुरू ने नए सीजन का विजयी आगाज किया।

Published on: