Lionel Messi vs Kylian Mbappe: जर्मनी में 14 जून से शुरू हुए यूरो कप को लेकर एम्बाप्पे के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। वहीं एम्बाब्पे की यह बात मेसी को पसंद नहीं आई और उन्होंने जवाबी हमला करते हुए कहा कि दुनिया के हर फुटबॉलर का सपना सिर्फ विश्व चैंपियन बनना होता है।
Lionel Messi vs Kylian Mbappe: मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी और फ्रांस के युवा स्टार खिलाड़ी किलिएन एम्बाप्पे के बीच इन दिनों जवाबी हमले चल रहे है। 14 जून से जर्मनी में शुरू हुए यूरो कप से पहले एम्बाप्पे के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। एम्बाप्पे ने कहा कि फीफा विश्व कप की तुलना में यूरो कप जीतना ज्यादा कठिन है। साथ ही एम्बाप्पे ने दक्षिण अमरीकी फुटबॉल टीमों की प्रतिभा पर भी अंगुली उठाई। एम्बाब्पे की यह बात मेसी को पसंद नहीं आई और उन्होंने जवाबी हमला करते हुए कहा कि दुनिया के हर फुटबॉलर का सपना सिर्फ विश्व कप जीतना और विश्व चैंपियन बनना होता है।
मेसी ने कहा, यूरो कप भी महत्वपूर्ण है लेकिन विश्व कप जितना नहीं। लेकिन क्या आप तीन बार के विश्व चैंपियन अर्जेंटीना, पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील और दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे को नकार सकते हैं। ऐसे कई विश्व चैंपियन हैं जो यह कहने से बचते हैं कि यूरो सबसे कठिन है। विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ टीमें होती है और आमतौर पर सभी विश्व चैंपियन होते है। यहां हर कोई विश्व चैंपियन बनना चाहता है ।
फ्रांस टीम के कप्तान एम्बाप्पे ने कहा, मेरा मानना है कि विश्व कप जीतने से ज्यादा कठिन यूरो कप जीतना है। यदि हम टूर्नामेंट के स्तर की बात करें तो भी यूरो ज्यादा मुश्किल और प्रतिस्पर्धी है क्योंकि इस टूर्नामेंट में भाग लेनी वाली टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलने की आदी हैं। इससे जीत हासिल करना ज्यादा मुश्किल होता है।
यह पहली बार नहीं है जब एम्बाप्पे ने दक्षिण अमरीकी टीमों पर टिप्पणी की है। इससे पहले, मई 2022 में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा था, दक्षिण अमरीका में फुटबॉल यूरोप की तरह उन्नत नहीं है। यही कारण है कि जब आप पिछले कुछ विश्व कप को देखते हैं तो हमेशा यूरोपीय टीमें ही चैंपियन बनती हैं।
दिलचस्प है कि कतर में खेले गए 2022 फीफा विश्व कप के फाइनल में लियोनल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर खिताब जीता था, जिसकी कप्तानी किलिएन एम्बाप्पे कर रहे थे।