
नई दिल्ली: सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल ( bsnl ) आए दिन अपने यूजर्स की सुविधा को देखते हुए नए-नए प्लान्स पेश करती रहती है। इसी कड़ी में अब कंपनी ने नया प्रीपेड प्लान पेश किया है। कंपनी अपने प्रीपेड यूजर्स के लिए अभिनंदन 151 नाम से एक नया प्लान लेकर आई है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह प्लान अभी सिर्फ चेन्नई और तमिलनाडु सर्कल में ही उपलब्ध है। तो आइए जानते हैं बीएसएनएल के इस प्लान में यूजर्स को क्या सुविधा दी जा रही है।
अभिनंदन 151 रुपये वाले प्लान की वैधता 180 दिनों की है। इस प्लान में यूजर्स को अनलिमिटेड लोकल, एसटीडी और रोमिंग कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा यूजर्स को रोजाना 1 जीबी डाटा और 100 एसएमएस का फायदा मिलेगा। साथ ही इस प्लान की अहम बात यह है कि यूजर्स रोमिंग कॉलिंग का लाभ दिल्ली और मुंबई सर्कल में भी उठा सकते हैं। लेकिन यूजर्स को मिल रहा फ्री बेनिफिट 24 दिनों तक ही वैलिड रहेगा। इस प्लान को लेने के लिए यूजर्स को सेल्फ केयर कीवर्ड ( SMS Plan 151 ) टाइप कर 123 नंबर पर सेंड करना होगा।
हाल ही में बीएसएनएल ने अपने यूजर्स को आकर्षित करने के लिए BSNL My Offer फीचर पेश किया था। इस फीचर के जरिए यूजर्स अपने सर्कल के मुताबिक बेस्ट स्पेशल टैरिफ वाउचर के बार में आसानी से जान जाएंगे। इसके लिए बस यूजर्स को *121# नंबर डायल करना होगा। कंपनी की माने तो यह ऑफर रिटेलर्स के पास भी उपलब्ध होगा। इसके अलावा कंपनी ने यह भी जानकारी दी है कि यूजर्स अगर स्पेशल STV प्लान्स की अधिक जानकारी पाना चाहते हैं तो वह *121*# नंबर पर डायल कर सकते हैं।