
गरियाबंद/देवभोग. लगातार हो रही मौतों को लेकर सीएमएचओ अरुण रात्रे ने ब्लॉक के दो किडनी प्रभावित गांव सुपेबेड़ा और गोहेकेला का दौरा किया। उन्होंने पहले सुपेबेड़ा पहुंचे हाल ही में किडनी की बीमारी से दम तोडऩे वाले कुर्तीराम के परिवार से मिलकर मामले की पूरी जानकारी ली। आपको बताते चले कि गोहेकेला में अब तक किडनी की बीमारी के लक्षण 42 लोगों में पाया गया है। जिसके बाद ग्रामीण दहशत का माहौल हैं।
आपको बता दें कि सुपरबेड़ा में अब तक किडनी बिमारी के चलते 59 लोगों की मौत हो गई है। गांव के कुर्तीराम भी बीते आठ साल से किडनी की परेशानी से बीमार था। पिछले तीन महीने से उसकी हालत बहुत अधिक बिगडऩे लगी थी। सीएमएचओ ने ग्रामीणों से पूरी वस्तुस्थिति की जानकारी ली। गांव के त्रिलोचन सोनवानी के साथ ही अन्य ग्रामीणों ने मांग रखी कि गांव में जल्द से जल्द उपस्वास्थ्य केन्द्र खोला जाए। यहां उपस्वास्थ्य केन्द्र होना बहुत जरूरी है।
जल्द खोला जाएगा उपस्वास्थ्य केन्द्र
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में यदि किसी भी मरीज की तबियत बिगड़ रही है, तो उसे तुरंत बाहर ले जाना पड़ रहा है। उपस्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने के बाद यहां उसे प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। कुछ राहत मिलेगी। ग्रामीणों द्वारा मांग रखे जाने के दौरान सीएमएचओ रात्रे ने बताया कि सुपेबेड़ा में उपस्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने को लेकर विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। त्रिलोचन सोनवानी ने बताया कि अभी भी गांव के लोग पानी के लिए तरस रहे हंै। गांव से बाहर सोलर लगा दिया गया है।
गांव की आधी आबादी तरस रहा पानी के लिए
सोलर से भी पर्याप्त पानी नहीं आ पा रहा। सोलर सिस्टम से पानी चार घंटे बाद बड़ी मुश्किल से चढ़कर गांव तक पहुंच रहा है। इसमें भी सिर्फ तीन छोटी टंकियों में ही पानी भर पा रहा। दो अन्य टंकियां खाली रह जाती है। गांव की आधी आबादी अभी भी पानी के लिए तरस रही है। आपको बता दें कि ग्रामीणों ने गुरुवार को दौरे में पहुंचे एसडीएम निर्भय साहू को भी अवगत कराया था कि पानी ठीक से नहीं मिल पा रही। ऐसी स्थिति में उन्हें बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण अब ले रहे आयुर्वेंदिक दवाइयों का सहारा
सीएमएचओ रात्रे जब किडनी प्रभावित गांव गोहेकेला के दौरे में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने इलाज को लेकर ग्रामीणों को समझाइश दी कि ग्रामीण इलाज को लेकर कोताही न बरते। मेकाहारा में जाकर अच्छे से इलाज कराएं। सीएमओ द्वारा इलाज को लेकर समझाइश देने के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें आयुर्वेंदिक दवाइयों पर अधिक भरोसा है। ग्रामीणों के मुताबिक वे पिछले पखवाड़ेभर से आयुर्वेंदिक दवाइयों का सेवन कर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य पर काफी अच्छा असर पड़ रहा है। ऐसे में वे लगातार इसी दवाई का सेवन करेंगे।
गोहेकेला के ग्रामीणों से चर्चा के दौरान सीएमएचओ ने बताया कि गांव में आने वाले दिनों में शिविर लगाकर ग्रामीणों का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी आने वाले शिविर में किया जाएगा। आपको बताते चले कि गोहेकेला में अब तक किडनी की बीमारी के लक्षण 42 लोगों में पाया गया है। जिसके बाद ग्रामीण दहशत में है।