
मिली जानकारी के अनुसार डंगनिया (चम्पारण) की 6 साल की बच्ची शाम 5 बजे अपने दो छोटी बहनों के साथ घर से बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद दोनों छोटी बहन तो घर आ गई, लेकिन बच्ची वापस नहीं आई। इससे परेशान होकर उसकी मां उसे ढूंढने लगी। ढूंढते-ढूंढते वह अपने पड़ोसी जगतराम साहू के यहां पहुंच गई।
घर के अंदर उसने देखा कि जगतराम ने अपने और उसकी बेटी के अंत:वस्त्र निकाल दिए थे और दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था। हतप्रभ महिला किसी तरह अपनी बेटी को आरोपी के चंगुल से निकालकर घर लाई और पारिवारिक सदस्यों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। रात में ही घटना की जानकारी चम्पारण पुलिस चौकी में दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी पुनारद राम बंजारे ने तत्काल मामले में आईपीसी की धारा 354 व पोक्सो एक्ट के तहत् मामले पंजीबद्ध किया।
रात में आरोपी की गिरफ्तारी संभव न देख गुरुवार सुबह आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर चौकी लाया। तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर नवापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परीक्षण उपरांत न्यायिक रिमांड हेतु सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेजे जाने की जानकारी मिली है। आरोपी जगतराम साहू निजी कंपनी में बीमा एजेंट के रूप में कार्य करता है, उसकी इस घिनौनी हरकत की डंगनिया सहित आसपास के ग्राम में जमकर आलोचना हो रही है।