
Fight in CMO Chamber: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में सरकारी दफ्तर का माहौल उस वक्त अखाड़े में बदल गया, जब CMO चेंबर के भीतर अकाउंटेंट और कुछ लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में नगर पंचायत के अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के साथ कुछ लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान संदीप भी एक व्यक्ति की पगड़ी निकालकर जवाबी हमला करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद दुष्यंत साहू बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि इंजीनियर भी वहां मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे के बाद की है। मारपीट के बाद संदीप चंद्राकर की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की शिकायत पर देवभोग पुलिस ने संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा के अनुसार, पहले घटना के CCTV फुटेज की मांग की गई थी, लेकिन रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने से इनकार किया गया था। अब वायरल वीडियो की पुष्टि और सत्यता जांचने के लिए CMO से आधिकारिक जानकारी मांगी गई है।
मामले ने अब राजनीतिक और कर्मचारी संगठनों का रंग भी ले लिया है। संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
घटना से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी विवाद से निकाय की छवि खराब हो रही है। उन्होंने शासन से जिम्मेदार अधिकारियों की पोस्टिंग सुनिश्चित करने की मांग की है। CMO चेंबर के भीतर हुई इस घटना ने सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।