
गरियाबंद/देवभोग. महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदूलाल साहू ने किडनी प्रभावित गांव गोहेकेला का दौरा किया। इस दौरान सांसद ने गांव के बीच बने बरगद पेड़ के नीचे बने मंच में अपनी चौपाल लगाई। सांसद साहू ने पहले बीएमओ और पीएचई के एसडीओ टंडन से पूरे मामले की जानकारी ली। बीएमओ डॉ. सुनील भारती ने सांसद को बताया कि गांव में अभी किडनी के 42 मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि 9 लोगों को संजीवनी के तहत इलाज के लिए रायपुर भेजा गया था। वहीं, ईलाज के लिए गए लोग कुछ ही दिन में वापस लौटकर आ गए।
बीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में नजर बनाई हुई है। गांव में जल्द ही शिविर लगाने की बात भी उन्होंने कही। पीएचई के एसडीओ टंडन ने बताया कि गांव के चार हैडपंप को लाल निशान लगा दिया गया है। ग्रामीणों को समझाइश दी गई है कि लाल निशान वाले हैडपंप के पानी का उपयोग पीने के लिए न करें। आपको बताते चले कि सुपेबेड़ा के बाद गोहेकेला गांव में किडनी की बीमारी से सालभर में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अभी गांव में 42 लोग पीडि़त है।
जिसके चलते गांव में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। गांव की सरपंच संतराबाई बघेल ने सांसद के सामने मांग रखी कि गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र खोला जाए। उन्होंने सांसद को बताया कि यहां के किडनी पीडि़तों को चिकित्सा सुविधा तुरंत मिले। इसके लिए यहां पर उपस्वास्थ्य केन्द्र होना बहुत ज्यादा जरूरी है। सरपंच ने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए गांव में नल-जल योजना को स्वीकृति दिया जाए। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके मांग को लेकर उपर स्तर पर चर्चा कर वे प्रयास करेंगे।
ग्रामीणों से हर पहलू पर की चर्चा
सांसद साहू ने गोहेकेला गांव में बरगद पेड़ के नीचे अपनी चौपाल लगाई। सांसद ने पूछा कि गांव में ऐसी स्थिति कब से बन रही है। उन्होंने ग्रामीणों के रहन-सहन और खाने पीने की चीजों के विषय में भी जानकारी मांगी। सांसद साहू ने ग्रामीणों को बताया कि हमेशा ताजा खाने के साथ ही खाने में भी साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को भी साफ रखें। साहू ने कहा कि गोहेकेला को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय है। पीएचई भी काम कर रहा है। ऐसे में किसी भी तरह की समस्या आती है, तो सीधे आकर अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।