गरियाबंद

सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण, मजबूर होकर पी रहे खेत का पानी

ग्रामीण विकास के लिए तरस रहे हैं गांव के लोग आज भी खेत के बीच बने डबरी का पानी पीने के लिए मजबूर हैं
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 5:50 PM IST
cg news
सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण, मजबूर होकर पी रहे खेत का पानी

देवभोग. आजादी के लगभग 70 साल बाद भी गोहटियामुड़ा के ग्रामीण विकास के लिए तरस रहे हैं। गांव के लोग आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे है। गांव में स्थिति इतनी अधिक खराब है, कि गांव के लोग आज भी खेत के बीच बने डबरी का पानी पीने के लिए मजबूर हैं।

गांव में दो हैंडपंप हैं। वहीं दोनों हैंडपंप से आयरनयुक्त पानी आने के कारण ग्रामीण मजबुरीवश खेत के बीच बने डबरी का पानी पी रहे हैं। वार्ड पंच मेघनाथ प्रधान बताते हैं कि गांव के लोग पिछले पांच दशक से डबरी का पानी पी रहे हैं। ग्रामीण बताते हैं कि गांव के हैंडपंप का पानी खराब होने के चलते ही उनकी मजबूरी है कि वे यहां का पानी पी रहे हैं। वहीं सिहारलटी पंचायत के आश्रित मुहल्ले की स्थिति देखकर सरकार के विकास के तमाम् दावे सिर्फ हवा-हवाई नजर आते हैं।

पंच मेघनाथ प्रधान बताते हैं कि गोहटियामुड़ा में कुल 183 ग्रामीण रहते हैं। वहीं ग्रामीण पिछले पांच दशक से पक्की सडक़ बनाए जाने की मांग कर रहे है। मेघनाथ के मुताबिक कई बार पंचायत प्रस्ताव के साथ जिम्मेदार अधिकारियों को आवेदन सौंपा गया है, कि गांव की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देकर उचित कदम उठाया जाए। वहीं आज तक जिम्मेदारों ने कोई खास कदम नहीं उठाया। ग्रामीण बताते हैं कि बरसात के दिनों में पूरा मुहल्ला चारों तरफ से टापू में तब्दील हो जाता है। ऐसी स्थिति में किसी ग्रामीण की तबियत अधिक बिगडऩे से उसे खटिया में डालकर चारपाई के सहारे लाना पड़ जाता है। मेघनाथ के मुताबिक गांव से मुख्यमार्ग की दूरी एक किलोमीटर है। ऐसे में एक किलोमीटर तक सात से आठ ग्रामीण चारपाई के सहारे मुख्यमार्ग तक लेकर पहुंचते है। इसके बाद वाहन से इलाज के लिए ले जाया जाता है।

बरसात के दिनों में बच्चे नहीं पहुंच पाते

स्कूलवार्ड पंच मेघनाथ प्रधान का कहना है, कि सबसे अधिक परेशानी बरसात के दिनों में होती है। यहां बरसात के दिनों में खेत पूरी तरह से जलमग्न हो जाता है। ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चे पखवाड़े भर तक स्कूल नहीं पहुंच पाते। ग्रामीण दो से तीन महीने के राशन की व्यवस्था एक साथ कर लेते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि बरसात लगते-लगते वे राशन के व्यवस्था के साथ ही घर के जरूरी चीजों की व्यवस्था भी कर लेते हैं। वहीं सामान्य दवाई भी ग्रामीण बरसात के दिनों में लेकर चलते हैं। ताकि जरूरत के समय उसका उपयोग कर सके।

ग्रामीणों को नए कलक्टर से बहुत उम्मीद
जिले के नवनियुक्त कलक्टर श्याम धावड़े ने जिस तरह से प्रभार लेने के बाद वनांचल गांवों का दौरा करना शुरू कर दिया है। इसी को देखते हुए गोहटियामुड़ा के ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है। आने वाले दिनों में कलक्टर गोहटियामुड़ा का भी दौरा कर सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द ही पूरे गांव के लोग मिलकर कलक्टर धावड़े को गांव की समस्याओं से अवगत करवाएंगे। इसके बाद उन्हें गांव का दौरा करने का आग्रह करेंगे। ग्रामीणों ने कलक्टर से शिकायत करने की बात कहते हुए कहा कि पानी और सडक़ की समस्या से वे जूझ रहे हैं। वहीं कितनी परेशानियों के बीच जिंदगी जीने को मजबूर है। इससे भी अवगत कराया जाएगा। गांव के वार्ड पंच का कहना है कि आज तक यहां पर अधिकारियों ने दौरा नहीं किया है। वहीं जब तक अधिकारी आकर ग्रामीणों की समस्या नहीं जानेंगे, तब तक गांव की समस्या दूर नहीं होगी।

Published on: