
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में जिला प्रशासन में भू-माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिसके चलते जनपद में ऐसे तमाम लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जिन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किया हुआ है। इतना ही नहीं गाजियाबाद के करीब आधा दर्जन बड़े फार्म हाउस को ध्वस्त कर करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन भू-माफियाओं से मुक्त करा ली है। वहीं जिन भू माफियाओं ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था उनके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया है।
सख्त हुआ प्रशासन
बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि यदि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनती है तो सबसे पहले एंटी भू-माफिया एक टीम का गठन किया जाएगा। जिसके तहत सबसे पहले उन लोगों पर कार्रवाई की जाएगी ।जिन्होंने सरकारी भूमि पर कब्जा किया हुआ है, और पिछले काफी समय से उस जमीन पर वह काबिज है। यही वजह है कि इसका असर अब गाजियाबाद में पूरी तरह देखने को मिलना शुरू हो गया है। पिछले हफ्ते जिला प्रशासन द्वारा गाजियाबाद के विजय नगर इलाके में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन से ज्यादा फार्म हाउस तहस-नहस कर दिए गए हैं। इसके अलावा उसके आसपास सरकारी जमीन में बनी रिहाइशी इमारतों को भी तोड़ दिया गया है। जिसके बाद सरकार ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया है। इस दौरान करीब आधा दर्जन लोगों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है ।जिसके बाद से वो सभी लोग जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है वो गाजियाबाद छोड़ कर चले गए हैं ।उधर, पुलिस ने उस जगह को अतिक्रमण मुक्त करा कर अपने कब्जे में ले लिया है।
आदेश के बाद हुई कार्रवाई
बता दें कि जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक कर उसमें साफ तौर से अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सबसे पहले ऐसे भू माफियाओं पर कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने बड़े स्तर पर सरकारी जमीन को घेरा हुआ है। जिलाधिकारी के इस आदेश बाद कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम भी गठित की गई है और अब वह टीम ऐसे सभी भू-माफियाओं को चिन्हित करने में जुट गई है। जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने अधिकारियों से कहा है कि ऐसे सभी भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के तहत उन पर मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई पूरे जनपद में की जाएगी। वहीं उन्होंने भू-माफियाओं को चेतावनी दी कि या तो वो खुद ही उस जमीन को खाली कर दें या फिर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला अधिकारी के इस फरमान के बाद से जनपद में ऐसे सभी लोगों में हड़कंप मच गया है। जिन्होंने सरकारी जमीन पर पहले से ही कब्ज़ा किया हुआ है।