
गाजियाबाद. भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही देश को कांग्रेस मुक्त बनाने का सपना देख रहे हों। लेकिन, भाजपा के गढ़ रहे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कांग्रेस से मेयर पद का टिकट चाहने वालों की लाइन लगी हुई है। पार्टी की टिकट के लिए हो रही मारा-मारी से कांग्रेस के आला नेताओं के चेहरे खिल गए हैं। लेकिन अपने जनाधार को दुबारा पाने में जुटी कांग्रेस टिकट बंटवारे में कोई गलती करना नहीं चाहती है। पार्टी टिकट वितरण में बहुत सावधानी बरत रही है। गाजियाबाद में कांग्रेस से मेयर पद का टिकट चाहने वाले कई दावेदार मैदान में हैं। ये सभी दावेदार सुबह होते ही यह जानने के प्रयास में जुट जाते हैं कि किसके पक्ष में टिकट सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही कुछ दावेदार टिकट सुनिश्चित कराने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की परिक्रमा कर रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले एक या दो दिन में उम्मीदवार के नाम की घोषणा हो सकती है।
मेयर की दौड़ में ये हैं शामिल
महानगर कांग्रेस कार्यालय से पता चला कि मेयर पद के लिए छह आवेदन दाखिल किए गए है। इनमें धर्मशीला एडवोकेट, पूजा चडढा, आशु चतुर्वेदी, कांग्रेस के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा की पुत्र वधु स्नेहा शर्मा और शालिनी कंसल के अलावा डॉ. बीना मित्तल का नाम शामिल है। पार्टी में पूजा चड्ढा और स्नेहा शर्मा की दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है। लेकिन, टिकट किसकी झोली में जाता है, ये आने वाला समय ही बताएगा।
पूर्व मंत्री से लेकर प्रदेश महासचिव कर रहे हैं पैरवी
कांग्रेस कमेटी की महिला प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष पूजा चड्ढा ने चुनाव के चलते अपनी सक्रियता बढ़ दी है। जगह-जगह वह कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हैं। पूजा चड्ढा के लिए पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व विधायक केके शर्मा और प्रदेश महासचिव बिजेंद्र यादव के द्वारा पैरवी की जा रही है। ज्यादातर दावेदार ये पता करने में जुटे हुए हैं कि आखिर किसके पक्ष में टिकट सुनिश्चित किया जाता है। कई दावेदार हाईकमान तक परिक्रमा कर रहे हैं तथा
अपना टिकट पक्का तय कराने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं।
पसौंडा से पार्षदों के लिए आए सबसे अधिक आवेदन
नगर निगम चुनाव में पार्षद पद के लिए कांग्रेस का टिकट चाहने वालों के सबसे ज्यादा आवेदन पसौंडा वार्ड के लिए किए गए हैं। आवेदनों की सर्वाधिक संख्या 15 है, जबकि दूसरे वार्डों के लिए तीन से चार आवेदन किए गए हैं। आवेदकों के निर्धारण के लिए चार-चार वार्डों पर दो दो सदस्यों की टीम का गठन किया गया है। इस दो सदस्यीय टीम के द्वारा तय किए जाने वाले उम्मीदवारों की सूची हाई स्तरीय कमेटी के सामने रखे जाएंगे। इस कमेटी की ओर से नामों को फाइनल रूप दिया जाएगा।