1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आजम खान को फिर जेल जाना होगा, गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को एक बार फिर जेल जाना होगा। गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने रविवार को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सीधे गाजियाबाद की डासना जेल ले जाया जाएगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गाज़ियाबाद

•

image

Aman Pandey

•

Updated: 1 Nov 2026, 2:45 PM IST

azam-khan

आजम खान डिस्ट्रिक्ट जेल से बाहर निकले (फोटो: IANS/वीडियो ग्रैब)

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को रविवार को अदालत से राहत नहीं मिली। गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सीधे गाजियाबाद की डासना जेल ले जाया जाएगा।

आजम खान को रविवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम अदालत लेकर पहुंची। करीब 10:30 बजे उनकी पेशी हुई। इस दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ED की टीम के साथ CRPF और पुलिस के लगभग 100 जवान तैनात रहे।अदालत में पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आजम खान को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें शनिवार शाम को रामपुर जेल से रिहा होते ही जौहर विश्वविद्यालय और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हिरासत में ले लिया था।

मीडिया के सवालों पर छलका आजम का दर्द

रविवार सुबह करीब 10.30 बजे ED ने आजम खान को भारी सुरक्षा के बीच विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। ईडी टीम के साथ सुरक्षा के लिए CRPF और पुलिस के 100 से अधिक जवान भी मौजूद थे। जब आजम खान कोर्ट परिसर पहुंचे तो वे काफी शांत और उदास नजर आए। वह अपनी कार में बैठे लोगों की तरफ बस खामोशी से देखते रहे। जब उन्होंने कार की खिड़की का शीशा खोला तो वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछा कि, क्या वह कुछ बोलेंगे? इस पर आजम खान ने बेहद मायूसी भरे लहजे में जवाब दिया कि... "क्या रह गया है बोलने को।"

रातभर ED मुख्यालय में हुई लंबी पूछताछ

इससे पहले शनिवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम आजम खान को कार से सीधे दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय ले गई थी। उन्हें पूरी रात ईडी मुख्यालय में ही रखा गया था। सूत्रों के मुताबिक वहां जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी पैसे के कथित दुरुपयोग को लेकर उनसे लंबी पूछताछ की गई। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे करीब 50 से ज्यादा सवाल किए।