
गाजियाबाद की एक युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपी (Grok Photo)
Uttar Pradesh News: गाजियाबाद की एक युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपी को लेकर पुलिस जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। आरोप है कि हिमांशु अपनी मां के साथ मिलकर दिल्ली-NCR की पढ़ी-लिखी, नौकरीपेशा और तलाकशुदा युवतियों को प्रेम और शादी का झांसा देकर फंसाता था। उसकी मां युवतियों से फोन पर बात करके उन्हें परिवार का हिस्सा होने का भरोसा दिलाती थी। इसके बाद होटल में जबरन संबंध बनाने, अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, अब तक 10 से 12 युवतियों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। मामले में हिमांशु की मां की तलाश की जा रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया, मैट्रिमोनियल साइट और समारोहों के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। वह खुद को तलाकशुदा और अकेला बताकर शादी की बात शुरू करता था। इसके बाद अपनी मां से बात कराता था। पीड़िताओं के मुताबिक, आरोपी की मां फोन पर कहती थी कि ये तो हमारी बहू है, अब तो तुम ही घर संभालोगी। इस तरह परिवार में अपनाने का भरोसा देकर युवतियों को भावनात्मक रूप से अपने करीब लाया जाता था। आरोप है कि इसके बाद उन्हें होटलों में बुलाया जाता, जहां जबरन संबंध बनाकर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करके नकदी, गहने और मोबाइल फोन मांगे जाते थे।
पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, चार जनवरी को उसने हिमांशु का फोन देखा तो उसमें दूसरी लड़कियों के साथ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 13 अक्टूबर को हिमांशु जबरन उसके घर में घुसा, मारपीट की और दुष्कर्म किया। वह घर से नकदी, आईफोन 17 मैक्स प्रो और सोना भी ले गया। युवती का कहना है कि दो फरवरी से 12 फरवरी के बीच अलीगढ़ ले जाकर भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए और चोरी से वीडियो रिकॉर्ड किए गए। अब वीडियो वायरल करने और सोसाइटी में बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांगे जा रहे हैं।
अलीगढ़ की क्वार्सी पुलिस ने मंगलवार को कन्हानिया एलिगेंस, लक्ष्मीबाई मार्ग निवासी हिमांशु माथुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके खिलाफ गाजियाबाद की रहने वाली युवती ने मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के मुताबिक, उसकी मुलाकात हिमांशु से 16 अगस्त 2025 को हुई थी। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताया और अपनी बहन से बात कराकर युवती का भरोसा जीता। इसके बाद हिमांशु ने शादी का भरोसा देकर अलीगढ़ के एक होटल में बुलाया, जहां जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। युवती का कहना है कि आरोपी ने उससे करीब 12 लाख रुपये नकद, 50 हजार रुपये ऑनलाइन और लगभग 63 ग्राम सोना भी ले लिया। पैसे वापस मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब पांच साल से इस तरह सक्रिय था और अधिकतर दिल्ली-एनसीआर की युवतियों को निशाना बनाता था। पुलिस को दो अन्य युवतियों की शिकायतें भी मिली हैं। आरोप है कि इनमें से एक युवती से सवा करोड़ रुपये और दूसरी से 30 लाख रुपये की ठगी की गई। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि गाजियाबाद की युवती की शिकायत पर हिमांशु को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। जांच में उसकी मां की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मां पूजा माथुर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य पीड़िताओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दो अन्य युवतियों की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Updated on:
29 Oct 2026, 12:11 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 11:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.