गाज़ियाबाद

कैलाश मानसरोवर भवन बनकर तैयार, जल्द ही सीएम योगी करेंगे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट का उद्घाटन

Highlights - अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने डीएम को दिए उद्घाटन की तैयारी के निर्देश - चार धाम और लद्दाख जाने वाले यात्रियों को भवन मिलेंगी सभी सुविधाएं - गाजियाबाद की मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल को दिए संचालन संबंधी निर्देश
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2020, 5:20 PM IST
CM yogi
CM yogi

गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट कैलाश मानसरोवर भवन का बुधवार को अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने जायजा लिया। इस दौरान गाजियाबाद के डीएम और एसएसपी समेत तमाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। बता दें कि इंदिरापुरम के कानावनी के पास कैलाश मानसरोवर भवन लगभग बनकर तैयार है। इसको लेकर सरकार काफी गंभीर है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द इसका उद्घाटन किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि इसके काम को पूरा करने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पॉश इलाके इंदिरापुरम में निर्मित प्रदेश के पहले कैलाश मानसरोवर भवन को जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के अलावा चार धाम और लद्दाख जाने वाले यात्रियों को भवन की सुविधा मिल सकेगी। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बुधवार को कैलाश मानसरोवर भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने पहुचे अपर मुख्य सचिव ने गाजियाबाद की मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल को इसके संचालन संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने सीडीओ को निर्देशित किया कि भवन की सुरक्षा और रखरखाव का एस्टीमेट शासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही जिलाधिकारी अजयशंकर पांडेय को उद्घाटन की तैयारी करने के लिए भी कहा।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। उन्होंने बताया कि भवन में कैलाश मानसरोवर भवन के यात्रियों को पूरी सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही चार धाम यात्रा पर जाने वाले और लद्दाख यात्रा पर जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। बता दें कि इंदिरापुरम के शक्ति खंड में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण पूरा हो गया है। करीब 70 करोड़ की लागत से इसे बनाया गया है।

कैलाश मानसरोवर भवन को इंदिरापुरम के शक्ति खंड 4 क्षेत्र में करीब 9,000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित किया गया है। यह एक चार मंजिला इमारत है, जिसका निर्माण बेहद शानदार इमारत के रूप में किया गया है । पत्थरों से इसे विशेष लुक दिया गया है। 100 के करीब कमरों में यहां 280 तीर्थयात्रियों के रुकने की व्यवस्था रहेगी। एक रूम में दवाई घर के निर्माण के साथ एक कॉमन हाल का निर्माण भी यहां किया गया है। इसके अलावा यहां करीब 188 वाहनों के लिए पार्किंग की जगह है।

Published on: