
गाजियाबाद। मोदीनगर इलाके की शास्त्री नगर कॉलोनी में सीआईएसएफ के एक रिटायर्ड जवान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिसकी सूचना उनके पैतृक गांव के लोगों को दी गई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आकर देखा तो उन्होंने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें कि गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में छिद्दा सिंह नाम के 60 साल की बुजुर्ग की लाश मिलने से दहशत है। छिद्दा सिंह मोदीनगर के शास्त्री नगर में घर में अकेले रहा करते थे। उनके दोनों बेटे उनके पास नहीं रहते हैं। एक बेटा पुलिसकर्मी है, तो दूसरा बेटा नोएडा में होटल मैनेजर है। बड़े बेटे की 12 दिसंबर को शादी होने वाली थी। ऐसे में आत्महत्या की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है।
सीआईएसएफ से रिटायर होने के बाद वह अकेले ही शास्त्री नगर के घर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि छिद्दा सिंह की लाश बेड पर पड़ी हुई थी और ऐसा लगता है कि जैसे गला घोटकर उनकी हत्या की गई हो। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।