
युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, आरोपी के पैर में लगी गोली। (फोटो सोर्स-IANS)
Ghaziabad Crime News:गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में सिर्फ 20 रुपए को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। हत्या के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने अगले ही दिन मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला 19 अगस्त का है। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में 23 वर्षीय मुश्ताक और 20 वर्षीय समीर उर्फ गट्टू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद महज 20 रुपए को लेकर शुरू हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि समीर ने मुश्ताक पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू लगने के बाद मुश्ताक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी समीर की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी शालीमार गार्डन इलाके में ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान डीएलएफ रोड की तरफ से पुलिस को KTM बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने बाइक मोड़ ली और तेजी से टेलीफोन एक्सचेंज वाली सुनसान गली की तरफ भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी को लगा कि वह घिर चुका है। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद समीर ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। उसकी पहचान समीर उर्फ गट्टू के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सीमापुरी इलाके का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल मिली है। उसके खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से भी कई मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके पास चोरी की बाइक कहां से आई और उसके खिलाफ दर्ज दूसरे मामलों में उसकी क्या भूमिका रही है।
Updated on:
20 Aug 2026 11:29 am
Published on:
20 Aug 2026 11:28 am
