Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद की राम-श्याम गार्डन कॉलोनी में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। स्कूटी निकालने को लेकर हुए झगड़े के बाद 15 के करीब दबंगों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया। पीड़ित फिलहाल आईसीयू में भर्ती है, जबकि परिवार ने पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ और कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है।
Ghaziabad Crime News:उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित चिपियाना बुजुर्ग इलाके में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महज रास्ता न देने और स्कूटी टच होने के मामूली विवाद में एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस हमले में अवधेश कुमार नाम के व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो बनाने वाले पड़ोसियों को भी जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित अवधेश की पत्नी प्रियंका गुप्ता ने आपबीती बताते हुए कहा कि उनके पति बच्चों को अपनी बहन के घर छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में एक तरफ ट्रक और दूसरी तरफ छोटा हाथी (मालवाहक वाहन) खड़ा होने के कारण गली संकरी हो गई थी। वहां बीच रास्ते में 4-5 लोग खड़े होकर बातें कर रहे थे। अवधेश ने उन्हें हटने के लिए हॉर्न भी बजाया, लेकिन वे लोग टस से मस नहीं हुए। जब अवधेश ने बची हुई जगह से सावधानी से स्कूटी निकालने की कोशिश की, तो वह वहां खड़े एक व्यक्ति से हल्की सी छू गई। इस पर अवधेश ने तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन सामने वाला व्यक्ति आगबबूला हो गया और उसने जोर से घूंसा चला दिया। यह घूंसा अवधेश की बेटी और भांजी को जा लगा, जिसके बाद मामला बिगड़ गया।
पीड़ित की पत्नी प्रियंका गुप्ता के अनुसार, कुछ ही देर बाद करीब 14-15 हमलावर लाठी-डंडों के साथ घर के बाहर धमक पड़े और अवधेश को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले के दौरान बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। घटना का वीडियो बना रहे एक पड़ोसी को दबंगों ने जिंदा गाड़ने की धमकी दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
अस्पताल में भर्ती अवधेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है, लेकिन परिवार का आरोप है कि विसरख थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने रिश्वत लेकर FIR दर्ज करने से मना कर दिया और NCR (असंज्ञेय अपराध की रिपोर्ट) में 15 हमलावरों की जगह सिर्फ 3 नाम ही दर्ज किए।
प्रियंका गुप्ता का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घंटों थाने में बिठाए रखा और समय पर इलाज सुनिश्चित नहीं कराया, जिससे अवधेश की स्थिति बिगड़ गई और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा। दूसरी ओर, थाना प्रभारी का कहना है कि मामला दोनों पक्षों के बीच मारपीट का है और दोनों तरफ से NCR दर्ज कर ली गई है।