12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

5 निकाह और 2 हलाला, हिंदू बनकर दोस्ती की, फिर 25 साल बड़े आदमी से कराई शादी, महिला ने सुनाई दर्दनाक कहानी

Ghaziabad halala case: इंदौर की एक महिला ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर हिंदू बनकर दोस्ती करने वाले युवक ने उसे जबरन धर्म परिवर्तन, 5 निकाह और 2 बार हलाला जैसी यातनाएं झेलने पर मजबूर किया। मामले में 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

3 min read
Google source verification
Ghaziabad halala case

प्रतीकात्मक तस्वीर

Ghaziabad halala case:गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में महिला के साथ मारपीट, रेप और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के सामने मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली 31 साल की महिला ने अपनी जिंदगी की दर्दनाक कहानी सुनाई है। महिला का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले एक मुस्लिम युवक ने फेसबुक पर खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की। उसने अपना नाम “नवीन राणा” बताया था। महिला का कहना है कि बाद में उसे दिल्ली और फिर मुजफ्फरनगर ले जाया गया, जहां उसके साथ जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि वह 13 साल तक उसके साथ मारपीट, रेप, जबरन निकाह और हलाला जैसी यातनाएं झेलती रहीं। उसका कहना है कि इस दौरान उसके 5 निकाह कराए गए और 2 बार हलाला कराया गया।

जबरन कराया धर्म परिवर्तन

महिला का कहना है कि साल 2013 में युवक ने उसे दिल्ली बुलाया। वहां से वह उसे मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में ले गया। कुछ दिन बाद युवक किसी बहाने से वहां से चला गया और उसे अकेला छोड़ दिया। महिला का कहना है कि इसके बाद उसे वहां जबरन रोका गया। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसे बुर्का पहनने और मुस्लिम तरीके अपनाने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसे धमकियां दी जाती थीं और उस पीटा जाता था।

25 साल बड़े मौलाना से निकाह

महिला ने बताया कि कुछ महीने तक मदरसे में रखने के बाद उसका निकाह उससे 25 साल बड़े मौलाना अब्दुर रहमान से करा दिया गया। महिला का आरोप है कि निकाह के बाद वह उसके साथ जबरदस्ती करता था। जब भी वह विरोध करती, तो उसके कपड़े उतरवाकर उसे पीटा जाता था। महिला का कहना है कि उसके बाल पकड़कर घसीटा जाता था और जबरदस्ती नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाया जाता था। ये सब उसके साथ रोज होता था।

दूसरे निकाह का सिलसिला

महिला का कहना है कि कुछ समय बाद मौलाना अब्दुर रहमान ने उसे तीन तलाक दे दिया गया और फिर हलाला के नाम पर दूसरी जगह भेजा गया। उसने आरोप लगाया कि जयपुर के एक मदरसे में पांच दिन तक उसके साथ रेप किया गया। इसके बाद उसका दूसरा निकाह शामली निवासी मुदसिर से करा दिया गया। महिला ने बताया कि 2019 में मुदसिर की मौत हो गई, जिसके बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गई। उसका परिवार से संपर्क टूट चुका था और उसे अलग-अलग जगहों पर भेजा जाता रहा।

गैंगरेप का भी आरोप

महिला ने बताया कि बाद में उसकी मुलाकात एक मौलाना से हुई, जिसने उसे दिल्ली, सहारनपुर और फिर बागपत पहुंचाया। यहां उसका तीसरा निकाह खालिद हुसैन नाम के व्यक्ति से कराया गया। कुछ समय बाद खालिद ने भी उसे तलाक दे दिया और दोबारा निकाह के लिए हलाला की शर्त रखी। आरोप है कि इसके बाद उसका चौथा निकाह फकरुद्दीन से कराया गया और उसी दौरान खालिद व उसके भाई ने गैंगरेप किया। बाद में दोबारा खालिद से निकाह कराया गया, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

बीजेपी विधायक की मदद से थाने पहुंची पीड़िता

महिला ने बताया कि वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के पास पहुंची। वहां उसने अपनी पूरी कहानी बताई, जिसके बाद विधायक ने उसकी मदद की। इसके बाद 5 मई को गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन, रेप, हलाला, निकाह, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी खालिद हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।