
आरोपी बिलाल और उसकी प्रेमिका खुशबू | फोटो सोर्स- X
Ghaziabad Father Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक बेटे ने अपनी ही प्रेमिका के साथ मिलकर अपने 80 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह और उसे अंजाम देने का तरीका जानकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी बेटा बिलाल, अपने पिता अजीजुद्दीन को ब्लैकमेल कर संपत्ति हड़पना चाहता था, जिसके लिए उसने अपनी महिला मित्र खुशबू को मोहरा बनाया था।
पुलिस जांच में यह पता चला है कि आरोपी बेटा बिलाल अपने पिता की संपत्ति में हिस्सा चाहता था। जब सीधी उंगली से घी नहीं निकला, तो उसने खौफनाक रास्ता चुना। बिलाल ने अपनी प्रेमिका खुशबू को इस बात के लिए तैयार किया कि वह उसके पिता के नजदीक जाए। बिलाल का प्लान था कि वह इस दौरान वीडियो बना लेगा और फिर पिता को ब्लैकमेल कर सारी जायदाद अपने नाम करवा लेगा।
बिलाल ने साजिश के तहत खुशबू और अपने एक दोस्त निसार को किराए के कमरे पर बुलाया। वहां उसके पिता अजीजुद्दीन को भी बुलाया गया। कमरे में खुशबू ने बुजुर्ग के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन जब अजीजुद्दीन ने विरोध किया और वहां से भागने की कोशिश की, तो पकड़े जाने के डर से तीनों ने मिलकर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद से ही बिलाल फरार था। वह पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने और सिम कार्ड बदल रहा था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना हुलिया भी पूरी तरह बदल लिया था। पुलिस ने उसकी तलाश में दिल्ली से लेकर मुंबई तक 30 से ज्यादा शहरों में दबिश दी। बिलाल और प्रेमिका पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
बिलाल ने अपने रिश्तेदारों से पूरी तरह संपर्क काट लिया था, लेकिन उसकी प्रेमिका खुशबू ने एक गलती कर दी। खुशबू ने बिलाल के रिश्तेदारों का हाल जानने के लिए उन्हें फोन किया। पुलिस इसी मौके के इंतजार में थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस खुशबू तक पहुंची और फिर उसकी निशानदेही पर मुंबई के ठाणे से बिलाल को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के वक्त बिलाल वहां पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था।
इस खौफनाक वारदात के पीछे महज संपत्ति का लालच और पिता द्वारा बेदखल किए जाने का डर था। मृतक अजीजुद्दीन की पत्नी नसरीन ने अपने ही बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज और कॉल ट्रेसिंग की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। एसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी बिलाल को ट्रांजिट रिमांड पर गाजियाबाद लाया गया है, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वारदात में शामिल खुशबू का पति दुबई में रहता है।
Updated on:
07 May 2026 05:51 pm
Published on:
07 May 2026 05:47 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
