
भाजपा नेता हर्षवर्धन ठाकुर की गंगा में डूबकर मौत | फोटो सोर्स- X
BJP Leader Death in Varanasi: बनारस के घाट पर घूमने का उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब वाराणसी के घाटों की खूबसूरती को मोबाइल के कैमरे में कैद करने की कोशिश एक युवा नेता के लिए मौत बन गई। ग्रेटर नोएडा से दोस्तों के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आए बीजेपी नेता हर्षवर्धन ठाकुर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि क्रूज पर सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के प्रदेश मंत्री हर्षवर्धन ठाकुर (27) अपने पांच दोस्तों के साथ बुधवार को वाराणसी पहुंचे थे। गुरुवार सुबह 3 बजे उन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती में शामिल होना था। आरती से पहले सभी दोस्त रात करीब 12:30 बजे मान मंदिर घाट पर टहलने निकले थे। इसी दौरान हर्षवर्धन एक क्रूज पर चढ़कर वीडियो और सेल्फी बनाने लगे, तभी संतुलन बिगड़ा और वह सीधे उफनती गंगा में जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों और उनके दोस्तों के मुताबिक, हर्षवर्धन के दोनों हाथों में मोबाइल फोन थे। एक क्रूज से दूसरे क्रूज पर जाने की कोशिश के दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया। रात का अंधेरा और गंगा का तेज बहाव होने के कारण मौके पर मौजूद गोताखोरों की कोशिशें भी नाकाम रहीं। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हादसे के बाद वाराणसी प्रशासन अलर्ट मोड पर आया। रात भर चले तलाशी अभियान के बाद सुबह करीब 6 बजे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने कमान संभाली। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 7:30 बजे हर्षवर्धन का शव गंगा से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हर्षवर्धन ठाकुर के पिता संदीप सिंह दिल्ली पुलिस में तैनात हैं। जैसे ही बेटे की मौत की खबर घर पहुंची, कोहराम मच गया। हर्षवर्धन राजनीति के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी देखते थे। उनके साथ आए दोस्त कुशाग्र, दुर्गेश, विपुल, जीत और ललित इस हादसे के बाद सदमे में हैं।
Published on:
07 May 2026 12:43 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
