
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अब तक कोरोना के 46 केस सामने आ चुके हैं। इसको देखते हुए जनपद में लॉकडाउन में कोई छूट नहीं दी गई है। डीएम ने भी और सख्ती दिखाते हुए दिल्ली से आने—जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही मास्क नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
डीएम ने की और सख्ती
सोमवार को गाजियाबाद में चार मामले और पॉजिटिव आए हैं। इसके बाद जिले में कुल केस 46 हो गए हैं। वहीं, प्रशासन ने और सख्ती कर दी है। सोमवार को डीएम ने एक और कड़ा फैसला लिया है। इसके तहत पेट्रोल और सीएनजी लेने वालों को अब मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके लिए डीएम ने सभी पंप संचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार रात को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 15 जिला प्रशासन के अफसरों के साथ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग की थी। इसमें गाजियाबाद भी शामिल था।
पंप संचालकों को दिए निर्देश
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में केस बढ़ रहे हैं, वहां मास्क का शत—प्रतिशत प्रयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने का कहा। साथ ही सभी लोगों को मास्क लगवाने के लिए कहा। इसके बाद डीएम अजय शंकर पांडे ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि बिना मास्क के किसी को पेट्रोल और सीएनजी नहीं दी जाए। अगर इन निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी। पेट्रोल और सीएनजी पंपों पर लगे कैमरों की अधिकारी जांच करेंगे। अगर इनमें बिना मास्क वालों को तेल या सीएनजी देते पाया गया तो पंप संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।