गाज़ियाबाद

Double Murder Case Update: माता-पिता की बेटों ने की हत्या! किराए पर रहने वाली महिला गाजियाबाद मर्डर केस में क्या बोली?

Double Murder Case Ghaziabad Row: गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 2 सगे भाइयों पर अपने ही माता-पिता की हत्या का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले मोदीनगर में भी बेटे द्वारा पिता की हत्या का मामला सामने आया था।
2 min read
ghaziabad double murder case update two brothers killed parents what tenant said
गाजियाबाद मर्डर केस अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Ghaziabad Double Murder Case Update: उत्तर प्रदेशके गाजियाबाद में पारिवारिक विवाद लगातार खूनी रूप लेते जा रहे हैं। कुछ दिन पहले मोदीनगर में एक बेटे द्वारा अपने पिता की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 2 सगे भाइयों पर अपने ही माता-पिता की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद के दौरान माता-पिता पर हमला

जानकारी के अनुसार, गंगाशरण अपनी पत्नी विमलेश और दोनों बेटों के साथ थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के भीमनगर में रहते थे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिवार के भीतर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इस दौरान गंगाशरण और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों बेटों को पुलिस ने लिया हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और शुरुआती पूछताछ में पारिवारिक विवाद सामने आया है।

बेरोजगारी बनी विवाद की वजह!

स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे। गंगाशरण अखबार की एक न्यूज एजेंसी चलाते थे, जबकि उनके दोनों बेटे बेरोजगार थे। दोनों की शादी हो चुकी थी और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन बेरोजगारी के कारण उनकी पत्नियां उनके साथ नहीं रहती थीं। पड़ोसियों का कहना है कि गंगाशरण अपने बेटों पर नौकरी करने का दबाव डालते थे। इसी बात को लेकर घर में अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था, जो आखिरकार इस दर्दनाक घटना तक पहुंच गया।

पड़ोसियों ने सुनाई उस रात की कहानी

वहीं, किराएदार पुष्पा ने बताया कि घर से तेज चीखने की आवाजें सुनाई दीं। वह तुरंत बाहर निकलीं, लेकिन सीढ़ियों का गेट बंद था। उन्होंने बताया, "हम लगातार आवाज लगाते रहे कि गेट खोलो, लेकिन किसी ने नहीं खोला। आसपास के कुछ लोगों ने कहा कि इनके घर में तो अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता है।" वहीं, एक अन्य महिला ने बताया कि वह विमलेश की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची थीं, लेकिन तब तक क्या हो चुका था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी।

पुलिस ने क्या कहा?

DCP सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस को किराएदारों की ओर से सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दंपति गंभीर रूप से घायल मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल दोनों बेटों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।

कुछ दिन पहले मोदीनगर में भी बेटे ने की थी पिता की हत्या

इससे पहले गाजियाबाद के मोदीनगर के गांव बुदाना में भी रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई थी। यहां जमीन के विवाद में निखिल नेहरा नामक युवक ने अपने पिता हरिओम नेहरा को कथित तौर पर चार गोलियां मार दी थीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। परिजन हरिओम को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।