Ghaziabad: गाजियाबाद में किराना कारोबारी से तमंचे के बल पर 12 लाख लूट लिए गए। फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी हुई है।
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक किराना कारोबारी से 12 लाख रुपए के लूट की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद थाना इंदिरापुरम में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला गाजियाबाद-नोएडा बॉर्डर का है। फिलहाल, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, DCP (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटील ने बताया कि विजयनगर सेक्टर-9 निवासी अभिषेक अग्रवाल एक किराना कारोबारी हैं। उनकी दुकान नोएडा के बहलोलपुर में है। 27 अगस्त की रात वो दुकान बंद कर कार से गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी समय, नेशनल हाईवे पर छिजारसी अंडरपास पर बाइक सवार चार बदमाशों ने हथियार दिखा कर उनकी कार को रोका। इसके बाद हथियार के बल पर ही कार में रखा पैसों से भरा बैग साथ ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अभिषेक ने बताया कि बदमाशों ने कार के शीशे तोड़े। इसके साथ ही, यह भी जानकारी दी कि बैग में 12 लाख रुपए से ज्यादा कैश रखा था। इस प्रकरण में थाना इंदिरापुरम पर तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं।