गाज़ियाबाद

20 मिनट तक अंधाधुंध फायरिंग: दरोगा और 2 सिपाहियों को लगी गोली, गाजियाबाद पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में किया एनकाउंटर

Ghaziabad Cash Van Loot Case: गाजियाबाद में 27 लाख की कैश वैन लूट के मास्टरमाइंड जुबैर और उसके साथी समीर को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. 20 मिनट तक चली इस अंधाधुंध फायरिंग में एक दरोगा और दो सिपाही भी घायल हुए हैं. पुलिस ने मौके से 9 लाख से अधिक कैश और हथियार बरामद किए हैं
2 min read
Ghaziabad Cash Van Loot Case
गाजियाबाद पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में किया एनकाउंटर

Ghaziabad Police Encounter:गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में हुई मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश ढेर हो गए। मारे गए बदमाशों की पहचान समीर और जुबैर के रूप में हुई है, जो पिछले दिनों हुई 27 लाख रुपये की कैश वैन लूट के मुख्य आरोपी थे। इस भीषण मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक सब-इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

घेराबंदी देख बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग

DCP सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से वेव सिटी क्षेत्र में घूमने वाले हैं। पुलिस ने जब संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने रफ्तार बढ़ाने के साथ ही पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। करीब 20 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में 15 से ज्यादा राउंड गोलियां चलीं। बदमाश जंगल की ओर पैदल भागने लगे, लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में समीर और मास्टरमाइंड जुबैर को गोलियां लग गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

लूट के लाखों रुपये और हथियार बरामद

पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के अनुसार, मारे गए बदमाशों के पास से लूट के 9 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मौके से दो पिस्टल, दो तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। जांच में सामने आया कि ये बदमाश गाजियाबाद के विजयनगर इलाके के रहने वाले थे और इन्होंने सबूत मिटाने के लिए कैश वैन के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर तक को कुल्हाड़ी से नष्ट कर दिया था।

मास्टरमाइंड का भाई और साथी अब भी फरार

इस डकैती का मास्टरमाइंड जुबैर विजयनगर में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था। उसने अपने भाई शोएब और पड़ोसी फिरोज के साथ मिलकर 6 मई को कैश वैन के ड्राइवर को बंधक बनाकर 27 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुठभेड़ के दौरान फरार हुए समीर के भाई शोएब और फिरोज की तलाश में पुलिस की 5 टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस कमिश्नर ने मारे गए दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।

Updated on:
13 May 2026 01:04 pm
Published on:
13 May 2026 01:04 pm