
गाजियाबाद। महानगर गाजियाबाद में अब जाम के झाम से जल्द ही लोगों को राहत मिल सकेगी। दरअसल ट्रैफिक पुलिस के पास में जवानों की किल्लत होने की वजह से दबाव वाले इलाकों में पुलिसकर्मीयों की तैनाती नहीं हो पाती थी। लेकिन अब जनपद के लोगों को राहत देने के लिए जिले के एसएसपी ने खुद एक्शन प्लान बनाया है। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस को 165 सिविल पुलिस के जवान दिए जाएगे। वो अब यातायात पुलिस की मदद करने का काम करेगें।
ट्रैफिक पुलिस पर है 161 ट्रैफिक पुलिसकर्मी
गाजियाबाद जनपद की आबादी 40 लाख आबादी होने के बावजूद भी यहां ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए मात्र 161 पुलिसकर्मी हैं। जिले भर में करीब 80 जाम संभावित पॉइंट हैं। इसकी वजह से सभी जगह कवर नहीं हो पाती है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि जिले के सभी थानों से पुलिसकर्मियों के नामों की सूची मंगाई गई है। सभी को बुलाकर पुलिस लाइन में इंटरव्यू किए जा रहे हैं। कार्य क्षमता,फिटनेस और पिछले रिकॉर्ड को देखकर पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक विभाग में भेजा जाएगा। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कम संख्या को देखते हुए 100 कॉन्स्टेबल,50 हैड कॉन्स्टेबल और 15 एसआई समेत 165 पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक ड्यूटी में लगाने का निर्णय लिया गया है।
प्लान के मुताबिक होगा ट्रैफिक कंट्रोल
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि जिले भर में जाम लगने वाले पॉइंट्स चिन्हित किए गए हैं। हाईवे से लेकर अन्य सड़कों पर बने अवैध कट् को बंद कराने का काम किया जाएगा योजनाबद्ध तरीके से ट्रैफिक पुलिस कार्य करेगी। सभी रेड लाइट पर सिंग्नल ठीक कराए जाएंगे। सड़कों और चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। एसएसपी का दावा है कि जल्द ही बेहतर नतीजे देखने को मिलेंगे।