गाज़ियाबाद

IMD Yellow Alert: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार, बर्फीली हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन

IMD Yellow Alert: उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुधवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। राज्य के अयोध्या में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे यूपी में सबसे ठंडा स्थान रहा। आइए आपको बताते हैं यूपी में लेटेस्ट मौसम अपडेट।

2 min read

IMD Yellow Alert: मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। रातभर चलने वाली तेज उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आएगी। मौसम विभाग का मानना है कि तेज उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं का दबदबा अभी बना रहेगा।

तेज हवाओं और शीतलहर का जोरदार असर

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में शीतलहर का जोर बना हुआ है। विक्षोभ के गुजरने के साथ ही तेज कोल्ड जेट स्ट्रीम ने पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। हवाओं की गति 20 से 25 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। इसी कारण से दिन की तुलना में रात अधिक ठंडी रही। प्रदेश के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 6.2 डिग्री के बीच रहा। हालांकि तेज धूप खिलने के कारण दिन के समय अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया।

कृषि पर शीतलहर का प्रभाव

सीएसए के कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि 15 दिसंबर तक पाला गिरने की संभावना है। आलू, टमाटर, मिर्च, और गोभी जैसी फसलों को पाले से बचाने के लिए किसानों को हल्की सिंचाई करने या सल्फ्यूरिक एसिड का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इससे फसलों की पाले से लड़ने की क्षमता बढ़ेगी।

इन जिलों में बढ़ेगी गलन

मौसम विभाग के अनुसार देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और गोंडा में शीत लहर चलने की संभावना है जबकि बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर और शामली में भी शीत लहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

IMD Yellow Alert

आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप रहेगा जारी

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने कहा कि तेज उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं का दबदबा बना रहेगा। इससे रात का तापमान और गिरेगा, जबकि दिन का तापमान औसत के करीब रहेगा। साफ आसमान के कारण रातें और ठंडी होंगी। 16 दिसंबर तक मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है।

Also Read
View All

अगली खबर