अगर आपको भी एलआईसी पॉलिसी को आधार कार्ड से लिंक कराने के लिए मैसेज आ रहे हैं तो सावधान हो जाएं।
गाजियाबाद। अगर आप भी एलआईसी के साथ जुड़े हैं और बार-बार आपको अपने अकाउंट को आधार से लिंक कराने के लिए मैसेज आ रहे हैं तो सावधान हो जाएं। जी हां, सोशल साइट पर इन दिनों एलाआईसी को आधार से लिंक कराने के लिए एक मैसेज वायरल हो रहा है, इस मैसेज के जरिए साइबर अपराधी लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। दरअसल, देशभर में आधार कार्ड की अनिवार्यता को बढ़ाते हुए सभी जरूरी सेवाओं को इससे जोड़े जाने के लिये कहा जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कुछ लोग मौके का फायदा उठाते हुए इसके जरिए आम पब्लिक को गुमराह करने की कोशिश में लगे हुए हैं। पत्रिका डॉट कॉम ने जब इसकी पड़ताल शुरू की तो वायरल मैसेज पूरी तरह से फेक निकला। इस विषय में जब हमने गाजियाबाद शाखा के मैनेजर राजेश बत्रा से बात की तो उनका कहना था कि कस्टमर एसएमएस के नाम पर सावधानी बरतें। अभी ऐसा कोई नम्बर आधार के लिए जारी नहीं किया गया है। केवल दो ही तरीकों से पॉलिसी को आधार नम्बर से लिंक किया जा रहा है।
जानिए आधार से लिंक कराने की प्रक्रिया
राजेश बत्रा ने पत्रिका डॉट कॉम से एक्सक्लूसिव बात करते हुए बताया कि कस्टमर दो तरीके से एलआईसी को अपने आधार से लिंक करा सकते हैं। सबसे पहले वो सीधे एलआईसी दफ्तर में आकर अपनी पॉलिसी को आधार से लिंक कराएं। इसके अलावा एलआईसी की वेबसाइट पर जाकर पॉलिसी नंबर डालकर कुछ जरूरी डिटेल को डालें। इसमें डेट ऑफ बर्थ, आधार नंबर मांगा जाएगा। फॉर्म समिट होने के बाद ये आधार लिंक पॉलिसी से ऑटोमेटिकली जुड़ जाएगा।
इसके अलावा वेबसाइट पर पॉलिसी को लिंक करने के लिए प्ले स्टोर से एलआईसी का एप डाउनलोड करें। एप्लिकेशन डाउनलोड होने के बाद आपके पास एक ओटीपी नंबर आएगा। इसके बाद नंबर डालने पर एप्लिकेशन ओपन हो जाएगा। इसमें दिए ऑप्शन पर जाकर आप अपडेट का काम कर सकते हैं। इसके अलावा यहां आप पॉलिसी डिटेल, प्रीमियम चेक और टैक्स की जानकारी भी ले सकते हैं।
राजेश बत्रा का कहना था कि सोशल साइट पर जो मैसेज वायरल हो रहे हैं, ग्राहक इससे सावधानी बरतें। उन्होंने बताया कि अभी ऐसा कोई नम्बर आधार के लिए जारी नहीं किया गया है। केवल दो ही तरीकों से पॉलिसी को आधार नम्बर से लिंक किया जा रहा है। अगर आपके मोबाइल पर ऐसा संदेश आता है या किसी का फोन आता है तो इनसे बचने की कोशिश करें और झांसे में न आएं।