
गाजियाबाद। नागरिकता संशोधन बिल (Citizen Amendment Bill) के विरोध में हो रहे धरना—प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद करने के निर्देश दिए। सभी मोबाइल सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को डीएम अजय कुमार पांडेय की तरफ से गुरुवार रात 10 से शुक्रवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहने के निर्देश जारी किए गए। लेकिन गुरुवार रात 11.15 बजे तक भी इंटरनेट सेवाएं चालू रही।
Citizen Amendment Bill के विरोध में सपाइयों ने यूपी के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया। हालांकि धारा—144 लागू होने की वजह से सपाइयों ने गाजियाबाद स्थित जिला दफ्तर पर प्रदर्शन कर बिल का विरोध जताया। उधर, बिल के विरोध में गुरुवार को लखनऊ में हिंसा और पथराव हुआ। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव कर वाहनों को आग लगा दी। वहीं, संभल में भी असामाजिक तत्वों ने वाहनों को निशाना बनाया और आग के हवाले कर दिया।
देशभर में बढ़ती हिंसा को देखते हुए यूपी सरकार ने भी जिला प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हुए है। सतर्कता बरतते हुए गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडेय ने मोबाइल कंपनियों को 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने के निर्देश दिए थे। लेकिन कंपनियों ने डीएम के निर्देश को नहीं माना। गुरुवार रात 11.15 बजे तक मोबाइल सेवाएं चालू रही। उधर, जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि इस संबंध में डीएम को शुक्रवार को अवगत कराया जाएगा।