गाजियाबाद के वेव सिटी में रील बनाते समय तेज रफ्तार बाइक हादसे में 19 साल की इकरा की मौत हो गई। मौत से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है।
गाजियाबाद के वेव सिटी इलाके में 19 साल की एक युवती की जान चली गई। रील बनाने के चक्कर में युवती तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट कर रही थी, तभी बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हवा में कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से युवती की मौत हो गई।
साहिबाबाद के पसौंडा इलाके की इकबाल कॉलोनी में रहने वाली इकरा शनिवार सुबह बाजार के लिए निकली थी। जब शाम तक इकरा घर नहीं लौटी, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इकरा के साथ ही पड़ोस में रहने वाला 20 साल का हाशिम भी गायब था, जो अपनी स्पोर्ट्स बाइक लेकर निकला था। रविवार सुबह पुलिस ने इकरा के परिवार को हादसे की सूचना दी।
इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि इकरा व्हाइट कलर की स्पोर्ट्स बाइक को तेज रफ्तार से चला रही है। वह काफी कॉन्फिडेंस के साथ हैंडल थामे नजर आ रही है, जबकि पीछे बैठा हाशिम मोबाइल से वीडियो शूट कर रहा है। दोनों ने हेलमेट भी नहीं पहना है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि एनएच-9 पर एक बड़ा हादसा हुआ है। बाइक डिवाइडर से टकरा गई है। जब टीम मौके पर पहुंची तो इकरा और हाशिम लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। इकरा के सिर और चेहरे पर बहुत गहरे जख्म थे। दोनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इकरा की मौत हो गई। वहीं, हाशिम का इलाज चल रहा है, जिसके पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से हुआ। बाइक का अनियंत्रित होना और हेलमेट का न होना इस मौत की बड़ी वजह बना। पुलिस ने बताया कि हाशिम पेशे से वेल्डिंग का काम करता है। दोनों पड़ोसी थे।