
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान ने सूर्या के परिवार से मुलाकात की (फोटो- पत्रिका)
Surya Chauhan Murder Case:उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के खोड़ा में हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड में अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान की एंट्री हो गई है। मुंबई से गाजियाबाद पहुंचे फैजान ने मृतक सूर्या के परिवार से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फैजान ने पुलिस कमिश्नर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा है। इस दौरान फैजान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गाजियाबाद में बकरीद बैन करने की मांग की है।
फैजान ने सूर्या के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान फैजान ने एक TV चैनल से बातचीत की। फैजान ने TV चैनल से बातचीत करते हुए कहा- खोड़ा की धरती पर एक हिंदू युवक का खून बहा है। अब गाजियाबाद ऐसा पहला शहर बनना चाहिए, जहां बकरीद पर पूरी तरह से बैन लगा दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सच्चे मुसलमान को इस खौफनाक घटना का समर्थन नहीं करना चाहिए। फैजान ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें किसी भी तरह के फतवे या विरोध का कोई डर नहीं है। वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
बता दें कि आज यानी बुधवार को पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल पांचवें आरोपी सारिक मेवाती को भी गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर की पटरी से सारिक मेवाती को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में सारिक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवार को राहत देते हुए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सूर्या की मां को नियुक्ति पत्र सौंपा। वहीं दूसरी तरफ खोड़ा कॉलोनी में पुलिस का सर्च ऑपरेशन और कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक इलाके के 1600 से ज्यादा संदिग्धों और अपराधियों को चिन्हित कर उनका पुलिस वेरिफिकेशन किया जा रहा है ताकि इलाके में शांति व्यवस्था कायम रहे।
Updated on:
03 Jun 2026 09:42 pm
Published on:
03 Jun 2026 09:41 pm
