
Surya Murder Case Update: 'हिंदुओं ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा।' गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड पर लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर का एक बेहद तीखा बयान सामने आया है। विधायक ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि बहुसंख्यक समाज की शांति को कोई उसकी कमजोरी समझने की भूल न करे। उन्होंने यूपी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की तारीफ करते हुए योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को सराहा है।
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि लोग हमारी शांति को कमजोरी न समझें। उन्होंने कहा कि वहां (खोड़ा में ) तो आबादी सिर्फ 5 प्रतिशत है, तब इतनी हिम्मत हो गई और हिंदू शांत रहा। लेकिन अपराधियों को समझ लेना चाहिए कि हिंदुओं ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। जो जैसे समझेगा, उसे वैसे ही सबक सिखाया जाएगा। इन्होंने दिल्ली में हिंसा करने की कोशिश की थी, लेकिन अब ये अगले 50 साल तक हिंसा करना भूल जाएंगे। जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति है। विधायक ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि अपराधियों का सही जगह मिलन कराने का काम पुलिस बखूबी कर रही है।
28 मई को त्योहार के दिन गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 17 साल के सूर्या चौहान पर कुछ लड़कों ने चाकुओं से हमला कर दिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में काफी गुस्सा था। पुलिस ने मामले पर तुरंत एक्शन लिया और एक एनकाउंटर में मुख्य आरोपी को ढेर कर दिया। वहीं उसके दो साथियों फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि मृतक सूर्या चौहान और आरोपी पहले दोस्त थे। घटना वाले दिन दोपहर में बाइक चलाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने इसकी शिकायत अपने पिता नवाब से की। इसके बाद पिता नवाब ने ही उसे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, पिता ने ही कहा था कि आज इसकी कहानी खत्म कर दो, जिसके बाद आरोपियों ने सूर्या पर हमला कर दिया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।