
मृतक सूर्या और उसकी मां | फोटो सोर्स- X
Surya Murder Case: 'बकरीद के दिन मेरे मासूम बेटे की बलि दे दी गई… अब मुझे बस इंसाफ चाहिए, आरोपी की लाश मेरे सामने लाओ।' यह चीख गाजियाबाद के खोड़ा इलाके की उस बेबस मां की है, जिसके 11वीं में पढ़ने वाले बेटे सूर्या चौहान की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। सूर्या का शव घर पहुंच चुका है, लेकिन रोती-बिलखती मां और गुस्से से भरे परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार करने से साफ मना कर दिया है। पीड़ित मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा है कि जब तक मुख्य आरोपी का पुलिस एनकाउंटर नहीं करेगी, तब तक बेटे का दाह संस्कार नहीं होगा।
मृतक सूर्या के भाई यश और उसके दोस्त विक्की ने बताया कि गुरुवार को बकरीद के त्योहार पर आरोपी ने सूर्या और उसके दोस्तों को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने पर उसने सूर्या से पूछा कि क्या तुमने कभी बकरे को हलाल होते देखा है? जब सूर्या ने कहा कि नहीं देखा, तो उसने कहा कि आओ आज तुम्हें दिखाता हूं। सूर्या ने जब इस बात का विरोध किया और वहां से जाने लगा, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। जब सूर्या ने गाली देने से मना किया तो उसने और उसके साथियों ने सूर्या के पेट में चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए सूर्या ने शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूर्या की मौत के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा कि बकरीद के दिन उनके निर्दोष बेटे की बलि दे दी गई। अब उन्हें बस इंसाफ चाहिए और आरोपी की लाश उनके सामने लाई जाए। परिवार वालों और स्थानीय लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा है कि उन्होंने साफ कह दिया है कि जब तक मुख्य आरोपी का पुलिस एनकाउंटर नहीं करेगी, तब तक सूर्या का अंतिम संस्कार नहीं होगा।
इस हत्याकांड के बाद गाजियाबाद में हिंदू संगठनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन ने पुलिस और प्रशासन को चेतावनी देता हुए कहा कि मुख्य आरोपी का तुरंत एनकाउंटर किया जाए और उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। अगर समय रहते यह कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे इलाके में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के बड़े अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और पीड़ित परिवार को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने अब तक 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से 2 आरोपी नाबालिग हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 2 अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी नाबालिग दोस्त और उसका परिवार घर छोड़कर फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस की 3 स्पेशल टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस को इस वारदात से ठीक पहले का एक CCTV फुटेज भी मिला है। इस फुटेज में साफ दिख रहा है कि बकरीद के दिन दोपहर करीब 3:30 बजे मुख्य आरोपी और उसके कई दोस्त सूर्या को घेरे खड़े हैं और उनके बीच बहस हो रही है। इस बहस के कुछ ही देर बाद सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना ने दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई एक युवक की हत्या की याद दिला दी है, जहा रंग लगाने को लेकर एक हिंदू लड़के की जान ले ली गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
Updated on:
03 Jun 2026 05:18 pm
Published on:
30 May 2026 05:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
