गाज़ियाबाद

UP BUDGET 2018 को लेकर पूर्व सांसद ने कही ऐसी बात, जिसे सुनकर आ जाएगी हंसी

UP BUDGET 2018: विपक्ष ने सरकार के बजट को नकारते हुए इसे कमजोर करार दिया
2 min read
• •
Updated: 16 Feb 2018, 4:06 PM IST
Surendra Goyal

गाजियाबाद। उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने शुक्रवार को प्रदेश का बजट पेश किया है। बजट में शिक्षा, विकास, कृषि और इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर करोड़ो रुपयों की सौगात दी गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे यूपी के विकास की तस्वीर बदलने वाला बताया है। वहीं, विपक्ष ने सरकार के बजट को नकारते हुए इसे कमजोर करार दिया है। कांग्रेस के पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा के डमरू के जैसा सरकार का बजट है। गांव में जिस तरीके से डमरू बजाकर लोगों को मूर्ख बनाया जाता है, कुछ इसी तरीके से यूपी की जनता के साथ में किया जा रहा है।

धरातल पर पूरे नहीं किए गए हैं काम

गाजियाबाद में कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद सुरेंद्र गोयल के मुताबिक भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को गुमराह करते हुए जुमलेबाजी वाला बजट पेश किया है। अभी तक की जो पिछली योजनाएं हैं, धरातल पर वो पूरी नहीं हो पाई हैं। स्वेटर वितरण भी तब किए गए, जब सर्दी चली गई। कुछ इसी तरीके से बाकी योजनाएं लोगों को लुभाने के लिए आई जरूर हैं, लेकिन उनका भी इसी तरीके से हाल होगा। किसानों के हित में कर्जमाफी भी उस तरीके से होगी कि एक लाख के लोन में दस रूपये माफ होंगे।

चुनावी घोषणी बजट किया है सरकार ने पेश

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक सुरेन्द्र मुन्नी का कहना है कि योगी सरकार ने आम बजट नहीं बल्कि चुनावी घोषणा बजट पेश किया है। दिल्ली में पीएम मोदी जिस तरीके से घोषणा और वादों की झड़ी लगाते हैं, इसी तरीके से यहां पर भी योगी जी ने जनता के सामने झूठ का बजट रखा है। मजदूर से लेकर नौकरीपेशा, किसी को भी इस बजट से लाभ मिलने वाला नहीं है। एक बार फिर से किसानों से जुड़ा बजट बताकर उनका मजाक उड़ाने की तैयारी है।

यूपी के विकास की बदल जाएगी तस्वीर

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री मयंक गोयल के मुताबिक, योगी सरकार ने ऐसा बजट पेश किया है, जोकि अब तक किसी भी सरकार ने नहीं पेश किया। भाजपा सरकार विकास को पंसद करने वाली पार्टी है। करोड़ों रुपये के बजट से यूपी की नई पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बजट में गाजियाबाद में बनने वाले कैलाश मानसरोवर भवन को भी जगह दी है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। निशुल्क शिक्षा, सामग्री और रोजगार के नए अवसर मिलने से उत्तर प्रदेश मजबूत होगा।

Updated on:
16 Feb 2018, 4:06 PM IST
Published on: