गाज़ियाबाद

UP BUDGET 2018: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्‍ट को मिले 94.26 करोड़ रुपये, कुछ ऐसा बनेगा मानसरोवर भवन

योगी सरकार के बजट में ड्रीम प्रोजेक्ट कैलाश मानसरोवर भवन को मिली जगह
2 min read
• •
Updated: 16 Feb 2018, 1:50 PM IST
kailash mansarovar bhawan

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शुक्रवार को राज्य का बजट पेश किया है। अनुमान के हिसाब से ही सरकार ने युवाओं के रोजगार , शिक्षा और विकास को ध्य़ान में रखा है। वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने 4 लाख 28 हजार 384 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले साल की तुलना में 11.4 प्रतिशत ज्यादा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में बनने वाले अपने ड्रीम प्रोजेक्ट कैलाश मानसरोवर भवन को भी इसमें जगह दी है। 94.26 करोड़ रुपये की लागत से कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण कराया जाएगा। उम्मीद है कि सरकारी स्तर पर अब इसका निर्माण तय समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।

पौने 14 करोड़ रुपये की किस्त हो चुकी है जारी

धर्मार्थ विभाग की तरफ से पौने 14 करोड़ रुपये की किस्त जारी की जा चुकी है। विभाग को कुल 50 करोड़ रूपए की रकम अदा करनी है। अभी भवन निर्माण के लिए नक्शे में बदलाव होने बाकी हैं। उसे पूरा करने के बाद जल्द निर्माण शुरू किया जाएगा।

280 श्रद्धालुओं के ठहरने की होगी व्यवस्था

कैलास मानसरोवर भवन और चार धाम की यात्रा पर जाने वाले 280 श्रद्धालुओं के ठहरने की यहां व्यवस्था की जाएगी। टू और फोर सीटर रूम बनाए जाएंगे। योगा कक्ष और ध्यान कक्ष भी होगा। विचार विमर्श के लिए ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके अलावा नौ हजार वर्ग मीटर भूमि में बनने वाले इस भवन के एक हजार वर्ग मीटर हिस्से में वाटिका भी बनाई जाएगी। भवन के लिए एक एक्सटेंशन प्लान भी बनाया गया है। इस प्लान के तहत दूसरे चरण में दूसरा तल बनाया जाएगा। ऐसा करके कुल 500 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था कर दी जाएगी। एक्सटेंशन प्लान पर कब अमल होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।

खुद आएंगे उद्घाटन करने

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो बार गाजियाबाद आगमन के दौरान भी कैलाश मानसरोवर भवन को लेकर अपनी उत्सकुता जाहिर करते हुए कहा था कि ये पश्चिमी यूपी की पहचान बनेगा। दो साल के भीतर भवन का निर्माण होना है। अगर ये तय समय से पहले बनकर तैयार होता है तो वो खुद इसके उद्धाटन के लिए यहां आएंगे।

Published on: